महिला से मिलने पहुंचा युवक : तीन युवकों ने कर दी बेदम से पिटाई, इलाज के दौरान मौत, दो आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़ जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र में महिला मित्र से मिलने पहुंचे युवक की मारपीट से मौत के मामले में दो आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
रायगढ़, 14 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र में युवक की मारपीट से हुई मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। ट्रांसपोर्ट नगर में महिला मित्र से मिलने पहुंचे शिवा सेठ्ठी (35) के साथ तीन युवकों ने विवाद के बाद लात-घूंसों और हाथ-मुक्कों से मारपीट की थी।
दरअसल, गंभीर चोट लगने के बाद शिवा की तबीयत बिगड़ गई और उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस ने राजू महंत उर्फ संजय महंत और कृष्णा साव उर्फ चुड़ामणि साव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि तीसरे आरोपी धन्नू निषाद की तलाश जारी है।
महिला मित्र से मिलने पहुंचा था शिवा, आने से मना करने पर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर की रात सतीगुड़ी चौक निवासी शिवा सेठ्ठी ट्रांसपोर्ट नगर में रहने वाली अपनी महिला मित्र से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान मोहल्ले के रहने वाले राजू महंत, कृष्णा साव और धन्नू निषाद ने उसे वहां आने से मना किया। इसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि, तीनों युवकों ने एक राय होकर शिवा के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने हाथ-मुक्कों और लात-घूंसों से उसकी पिटाई की और उसे जमीन पर पटक-पटककर मारा। मारपीट में शिवा को गंभीर बाहरी और अंदरूनी चोटें आईं।
मारपीट के बाद शिवा किसी तरह वहां से निकलकर अपने दोस्त के पास पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी दी। प्राथमिक उपचार कराने के बाद वह घर चला गया, लेकिन घर पहुंचने के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन तत्काल उसे जिला अस्पताल रायगढ़ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पहले थाना कोतवाली में शून्य पर मर्ग कायम किया गया। घटनास्थल जूटमिल थाना क्षेत्र का होने के कारण मर्ग डायरी जूटमिल पुलिस को भेजी गई। इसके बाद पुलिस ने मर्ग जांच शुरू कर प्रत्यक्षदर्शियों और घटना के दौरान बीच-बचाव करने वाले लोगों के बयान दर्ज किए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हेड इंजरी से मौत की पुष्टि
जांच के दौरान गवाहों ने तीनों आरोपियों द्वारा शिवा के साथ मारपीट किए जाने की पुष्टि की। पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में चिकित्सक ने मृत्यु का कारण हेड इंजरी के कारण हेमरेजिक शॉक बताया। जांच में मारपीट से आई गंभीर चोटों के कारण शिवा की मौत होना पाए जाने के बाद 12 सितंबर को जूटमिल थाना में अपराध क्रमांक 540/2026 के तहत धारा 103(1), 3(5) बीएनएस में हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
गिरफ्तार आरोपी-
1. राजू महंत उर्फ संजय महंत (35 वर्ष), निवासी ट्रांसपोर्ट नगर वाल्मीकि आवास, जूटमिल, रायगढ़।
2. कृष्णा साव उर्फ चुड़ामणि साव (35 वर्ष), निवासी ट्रांसपोर्ट नगर वाल्मीकि आवास, जूटमिल, रायगढ़।
वहीं एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून हाथ में लेकर किसी के साथ मारपीट करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। रायगढ़ पुलिस ऐसे अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी और वैधानिक कार्रवाई करेगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें और किसी भी घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें।मेटा डिस्क्रिप्शन: रायगढ़ के जूटमिल में महिला मित्र से मिलने पहुंचे युवक की मारपीट से मौत के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, तीसरे की तलाश जारी है।