• आज विराजेंगे गजानन; तीजा और गणेश चतुर्थी एक ही दिन, जानें पूजा का शुभ मुहूर्त..

    14 सितंबर को हरितालिका व्रत और गणेश चतुर्थी दोनों एक साथ पड़ रहे हैं। भाद्रपद शुक्ल तृतीया तिथि प्रातः 07:06 बजे तक रहेगी, जिसके बाद चतुर्थी तिथि शुरू होगी।लेकिन सूर्योदय के समय तृतीया तिथि के कारण छत्तीसगढ़ में तीजा आज ही मनाई जा रही है। गणेश चतुर्थी पर शेयर बाजार भी बंद रहेगा।

    रायपुर, 14 सितंबर 2026। आज भाद्रपद शुक्ल तृतीया तिथि प्रातः 07:06 बजे तक रहेगी, जिसके बाद चतुर्थी तिथि शुरू होगी। इस दिन चित्रा नक्षत्र दोपहर 01:55 बजे तक रहेगा, फिर स्वाती नक्षत्र लगेगा। योग ब्रह्म दोपहर 12:47 बजे तक रहेगा, इसके बाद ऐन्द्र योग का आरंभ होगा। चंद्रमा दिन-रात तुला राशि में संचार करेंगे। आज हरतालिका तीज और गणेश चतुर्थी का पावन अवसर है। पूजा और शुभ कार्यों के लिए अभिजीत मुहूर्त दोपहर 11:52 से 12:41 बजे तक रहेगा, जबकि राहुकाल सुबह 07:30 से 09:00 बजे तक रहेगा।

    अखंड सौभाग्य के लिए महिलाओं का निर्जला व्रत
    गणेश चतुर्थी के साथ ही तीजा (हरतालिका तीज) का पर्व भी सोमवार को मनाया जा रहा है। सुहागिन महिलाएं पति की दीर्घायु और अखंड सौभाग्य के लिए निर्जला व्रत रखती हैं, वहीं अविवाहित कन्याएं योग्य वर की प्राप्ति के लिए यह पूजन करती हैं। महिलाएं बालू या मिट्टी से भगवान शिव और माता पार्वती की प्रतिमा बनाकर षोडशोपचार पूजन करती हैं। माता पार्वती को सुहाग की सामग्री और शिवजी को बेलपत्र, भांग व धतूरा अर्पित किया जाता है। पूरे दिन व्रत रखकर कथा सुनने के बाद अगले दिन व्रत का पारण किया जाता है। छत्तीसगढ़ में सुहागिन महिलाएं तीजा के पहले रात करू भात खाकर तीजा का उपवास रखती हैं। यहां तीजा तिहार मनाने महिलाएं अपने मायके जाती हैं। वहां ठेठरी-खुरमी व अन्य पकवान बनातीं हैं। पति की लंबी उम्र की कामना के लिए तीजा का व्रत रखतीं हैं। दूसरे दिन सुबह पारण किया जाता है।

    भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि पर सोमवार को भगवान गणेश का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की थाप पर बप्पा को अपने घर और पूजा पंडालों में पूरे विधि-विधान से प्रतिष्ठित करेंगे।

    ज्योतिषाचार्य डॉ. पूनम वार्ष्णेय के अनुसार चतुर्थी का आरंभ 14 सितंबर को सुबह 7:07 बजे से होगा। गणपति स्थापना के लिए दिन में 11:14 बजे से दोपहर 1:29 बजे तक का समय अति शुभ रहेगा। ज्योतिषाचार्य डॉ. अरविंद मिश्रा ने बताया कि इस दिन बुधादित्य, मुद्गर, ब्रह्म, इंद्र, कलात्मक और गजकेसरी योग का दुर्लभ संयोग बन रहा है।  

    स्थापना व पूजन विधि
    घर के ईशान कोण में लकड़ी की चौकी पर लाल या पीला वस्त्र बिछाएं। अक्षत से अष्टदल बनाकर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित करें। उनके समक्ष जल से भरा कलश रखें, जिसमें आम के पत्ते, सुपारी, सिक्का डालकर ऊपर नारियल रखें। गंगाजल छिड़ककर स्थान पवित्र करें। इसके बाद केसर, चंदन, हल्दी, अक्षत से तिलक कर लाल-पीले वस्त्र, पुष्पमाला, जनेऊ व आभूषण धारण कराएं। साथ ही बप्पा को मोदक, लड्डू, फल, मेवे और हरा नारियल अर्पित करें। पूजा के दौरान ओम गं गणपतये नमः, श्री गणेश अथर्वशीर्ष, गणेश चालीसा और 108 नामों का पाठ करना विशेष फलदायी माना गया है। धार्मिक मान्यता के अनुसार गणेश चतुर्थी के दिन चंद्रमा का दर्शन नहीं करना चाहिए।

    आज का शुभ मुहूर्त 14 सितंबर 2026 :

    अभिजीत मुहूर्त : दोपहर 11 बजकर 52 मिनट से 12 बजकर 41 मिनट तक रहेगा।
    अमृत काल : प्रातः 07 बजकर 18 मिनट से प्रातः 08 बजकर 57 मिनट तक रहेगा।
    हरतालिका पूजा मुहूर्त : सुबह 06 बजकर 05 मिनट से 07 बजकर 06 मिनट तक रहेगा।
    गणेश पूजा मुहूर्त : सुबह 11 बजकर 02 मिनट से दोपहर 01 बजकर 31 मिनट तक रहेगा।

    आज का उपाय : आज गणेश चतुर्थी व हरतालिका तीज के पावन अवसर पर भगवान श्री गणेश का पूजन करें, उन्हें दूर्वा, मोदक और फल-फूल अर्पित करें तथा मां पार्वती और भगवान शिव की विधिवत पूजा करें।

    गणेश चतुर्थी पर शेयर बाजार बंद
    आज, 14 सितंबर को पूरे देश में गणेश चतुर्थी (Ganesh Chaturthi) का त्योहार मनाया जा रहा है। इस मौके पर शेयर बाजारों में छुट्टी है, यानि कि BSE और NSE पर शेयरों में ट्रेडिंग नहीं होगी। BSE में इक्विटी सेगमेंट, इक्विटी डेरिवेटिव सेगमेंट, NDS-RST, करेंसी डेरिवेटिव्स सेगमेंट्स, ट्राई पार्टी रेपो सेगमेंट्स में ट्रेडिंग हॉलिडे है। लेकिन कमोडिटी डेरिवेटिव्स सेगमेंट और इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीप्ट्स (EGR) सेगमेंट में शाम का सेशन (शाम 5 बजे से 11:30/11:55 बजे तक) ओपन है।

    इसी तरह NSE में भी इक्विटीज, इक्विटी डेरिवेटिव्स, निगोशिएटेड ट्रेड रिपोर्टिंग प्लेटफॉर्म, कॉरपोरेट बॉन्ड्स, न्यू डेट सेगमेंट्स, म्यूचुअल फंड्स, सिक्योरिटी लेंडिंग एंड बॉरोइंग स्कीम्स, इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीप्ट्स, करेंसी डेरिवेटिव्स और इंट्रेस्ट रेट डेरिवेटिव्स सेगमेंट्स में सोमवार को छुट्टी है। कमोडिटी डेरिवेटिव्स में सुबह के सेशन में छुट्टी है लेकिन शाम का सेशन (शाम 5 बजे से 11:30/11:55 बजे तक) ओपन है।