मुंबई की लोकल ट्रेन में 22 साल की युवक की चाकू से गोदकर हत्या, कोई भी यात्री बचाने आगे नहीं आया
मुंबई की चलती लोकल ट्रेन में 22 वर्षीय एक युवक मयंक लोहार पर चाकू से वार किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई. हत्यारा गिरफ्तार. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की सनसनीखेज रिपोर्ट:-
मुंबई, 25 जून 2026. यह घटना 23 जून की रात करीब 10 बजे अंधेरी और बोरीवली स्टेशनों के बीच चल रही लोकल ट्रेन में हुई. पुलिस ने बताया कि भारी बारिश के कारण लोकल ट्रेन के कोच का दरवाजा बंद करने को लेकर हुए विभाग में यह हत्या हुई. इस हत्या के अभियुक्त की पहचान रोशन सुवर्ण के तौर पर हुई है. हत्या के बाद रोशन, बोरीवली स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 6 पर ट्रेन के पूरी तरह रुकने से पहले ही कूदकर भाग निकला. हालांकि, पुलिस ने अभियुक्त को बुधवार यानी 24 जून को कुर्ला से गिरफ्तार कर लिया है.
खबर है कि अभियुक्त रोशन उत्तर प्रदेश भागने की तैयारी कर रहा था. इसी दौरान जीआरपी ने उसे कुर्ला रेलवे स्टेशन से दबोच लिया और इसकी जानकारी बोरीवली पुलिस को दी.
महाराष्ट्र के मुंबई में इस दिल दहला देने वाला मामला से लोग सन्न हैं. जहां अंधेरी और बोरीवली स्टेशनों के बीच चलती ट्रेन में एक 22 वर्षीय युवक यात्री पर चाकू से हमला कर दिया गया. इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि भारी बारिश के दौरान कोच का दरवाजा बंद करने को लेकर दो युवक यात्रियों के बीच बहस हुई और बहस के दौरान, आरोपी ने कथित तौर पर पीड़ित के पेट में चाकू मार दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आई. मृतक की पहचान मयंक लोहार के तौर पर हुई है. वह अंधेरी में एक निजी कंपनी में सेल्समैन के तौर पर काम करता था. घटना के वक्त वह काम से घर लौट रहा था.
क्यों हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, मयंक लोहार और आरोपी ट्रेन नंबर - 90663 के फर्स्ट क्लास कोच में यात्रा कर रहे थे. ट्रेन मंगलवार रात 10:05 बजे चर्चगेट से चली थी. रास्ते में भारी बारिश के बीच मयंक ने आरोपी रोशन सुवर्ण से कोच का दरवाजा बंद करने के लिए कहा, इसके बाद दोनों के बीच बहस हो गई. बहस के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर एक धारदार हथियार निकाला और मयंक के पेट में घोंप दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आई. पुलिस ने बताया कि रात 11:04 बजे करीब बोरीवली स्टेशन पर ट्रेन के रुकने से पहले ही आरोपी चलती ट्रेन से प्लेटफार्म नंबर 6 के पास कूद गया और स्टेशन परिसर से भाग निकला.
इलाज के दौरान युवक की हुई मौत
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम को सक्रिय कर दिया गया. ट्रेन के पहुंचने के कुछ ही मिनटों के भीतर आरपीए पर जीआरपी के जवान कोच में पहुंचे और घायल यात्री मयंक की मदद की. स्ट्रेचर, पोर्टर और मेडिकल टीम को बुलाया गया, इसके बाद मयंक लोहार को कोच के बाहर निकाला और उसे रात में 11:22 बजे बोरीवली स्टेशन के इमरजेंसी मेडिकल रूम में ले जाया गया अब डॉक्टर ने उसकी जांच की. बाद में उसे एंबुलेंस से कांदिवली के शताब्दी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई. बताते हैं कि घटना में जान गंवाने वाले मयंक लोहार और अभियुक्त रोशन सुवर्णा, दोनों अंधेरी स्टेशन से लोकल ट्रेन में सवार हुए थे. सीसीटीवी फुटेज और अहम सबूत को तुरंत जब्त कर जांच एजेंसियों को सौंप दिया गया है.
मयंक के परिवार वालों ने क्या बताया
मयंक की बुआ तुलसी सुंदर ने पत्रकारों से कहा, " ट्रेन में सभी लोग कह रहे थे कि अंदर बारिश आ रही है, दरवाजा बंद कर दो. मयंक ने दरवाजा बंद कर दिया. तभी उसने (अभियुक्त) मयंक से पूछा कि तुम दरवाजा क्यों बंद कर रहे हो? उसने मयंक को गालियां देनी शुरू कर दी और फिर सीधे उसके पेट में चाकू घोंप दिया. " मयंक की बहन बताती है कि "यह घटना कांदिवली और बोरीवली के बीच कहीं हुई थी. हमें रात करीब 12 से 12:15 बजे के बीच पुलिस का फोन आया."
"अगर कोई इस तरह चाकू मार कर किसी की हत्या कर रहा था, तो बाकी लोग क्या कर रहे थे? उनके भी बेटे या भाई होंगे. अभी यह मेरे भाई के साथ हुआ है, कल किसी और के साथ भी हो सकता है." उन्होंने अपने भाई के लिए इंसाफ की और अपराधी को सजा देने की मांग भी की है. खबर है कि बोरीवली पुलिस ने बीएनएस की धारा 103 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जांच अधिकारियों के मुताबिक, अभियुक्त रोशन सुवर्णा मीरा भयंदर में रहता है, मृतक और हमलावर दोनों अंधेरी में ही नौकरी करते थे लेकिन एक दूसरे को नहीं जानते थे.