महतारी वंदन योजना में फिर जुड़ेंगे नाम, नई हितग्राहियों को भी मिलेंगे एक-एक हजार
छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन की नई पात्र महिलाओं को भी योजना का लाभ मिलेगा। इसके लिए पोर्टल जल्द खोले जाएंगे और नए नाम जोड़े जाएंगे। अब महतारी वंदन योजना से वंचित महिलाओं को भी एक- एक हजार रुपए मिलने का रास्ता खुल गया है।
रायपुर, 25 जून 2026। महतारी वंदन योजना के लाभ अब तक वंचित महिलाओं के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार जल्द ही योजना का पोर्टल दोबारा शुरू करने जा रही है, जिससे पात्र होने के बावजूद आवेदन नहीं कर सकीं महिलाओं को एक और अवसर मिलेगा। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा है कि विभागीय स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और जल्द ही आवेदन प्रक्रिया फिर शुरू की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महतारी वंदन योजना के नए पंजीयन की शुरुआत चरणबद्ध तरीके से की जाएगी। सबसे पहले बस्तर संभाग के जिलों में पोर्टल खोला जाएगा। इसके बाद रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, जशपुर, कोरबा, सक्ती समेत प्रदेश के अन्य संभागों और जिलों में भी आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य उन पात्र महिलाओं तक योजना का लाभ पहुंचाना है, जो किसी कारणवश अब तक इससे नहीं जुड़ पाई हैं।
मुख्यमंत्री से मिल चुकी है मंजूरी
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से अनुमति प्राप्त हो चुकी है। विभागीय स्तर पर आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं और संभावना है कि अगले एक सप्ताह के भीतर पोर्टल दोबारा शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नई पात्र महिलाओं के साथ-साथ पहले चरण में छूट गई महिलाओं को भी आवेदन करने का मौका मिलेगा। विभाग द्वारा आवेदन प्रक्रिया और अन्य जरूरी दिशा-निर्देश जल्द जारी किए जाएंगे।
आवेदन के लिए तैयार रखें जरूरी दस्तावेज
पोर्टल शुरू होने के बाद महिलाओं को आवेदन के साथ आधार कार्ड, बैंक खाते की जानकारी, निवास प्रमाण पत्र और विवाह संबंधी दस्तावेज जमा करने होंगे। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि आवेदन से पहले सभी दस्तावेजों की जानकारी सही और अद्यतन होना जरूरी है, ताकि पंजीयन के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी परेशानी न आए।
पोर्टल खुलने का महिलाओं को है लंबे समय से इंतजार
महतारी वंदन योजना का दायरा बढ़ाने की तैयारी के बीच प्रदेशभर की महिलाएं बड़ी संख्या में अब पोर्टल शुरू होने की आधिकारिक घोषणा का इंतजार कर रही हैं। आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में नए नाम लाभार्थी सूची में जुड़ सकते हैं। ऐसे में जिन महिलाओं ने अब तक आवेदन नहीं किया है या जिनका आवेदन पहले चरण में स्वीकृत नहीं हो पाया था, उनके लिए यह अवसर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।