कवर्धा में 54 करोड़ रूपए की लागत से बनेगी 4 लेन सड़क, डिप्टी सीएम आज करेंगे भूमिपूजन
कवर्धा, 24 सितंबर 2026। कवर्धा को फोरलेन सड़क की सौगात मिलने जा रही है। जिला मुख्यालय कवर्धा में 54 करोड़ की लागत से राष्ट्रीय राज मार्ग क्रमांक 30 के किमी 50 से 57 तक 7.8 किलो मीटर का फोर लेन का उन्नयन एवं डिवाईडर निर्माण कार्य पूर्ण हो जाने से शहर के विकास नई रफ्तार मिलेगी। यह सड़क रायपुर मार्ग से बिलासपुर मार्ग तक, चंद्रयान हॉस्पिटल से कवर्धा शहर होते हुए जोराताल के आगे तक बनाई जाएगी। डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा गुरुवार को इस प्रस्तावित परियोजना का भूमिपूजन करेंगे। गुरूवार 24 सितंबर को नवीन कृषि उपज मंडी परिसर आयोजित भूमिपूजन समारोह के अवसर पर सांसद संतोष पांडेय एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहेंगे।
जिला प्रशासन द्वारा शहर के विकास को गति देने वाली इस महत्वपूर्ण कार्यो के भूमिपूजन समारोह को सफलता पूर्वक संपन्न करने हेतु सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। इसका निर्माण कार्य पूर्ण हो जाने से शहर में आवागमन सुगम होगा और नागरिकों के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी इसका लाभ मिलेगा। इस 4 लेन सड़क परियोजना के तहत दो स्थानों पर भव्य प्रवेश द्वार भी बनाए जाएंगे। इन प्रवेश द्वारों को कवर्धा की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान यानी धर्मनगरी के स्वरूप के अनुरूप विकसित किया जाएगा। यह निर्माण कार्य कवर्धा के विकास की दिशा में यह निर्माण शहर की सुव्यस्थित यातायात व्यवस्था, सुंदरता और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण कदम होगा।