छत्तीसगढ़ में खिलाड़ियों की बल्ले- बल्ले, 20 खेलों के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित, सरकारी नौकरी की राह हुई आसान, देखें लिस्ट..
8 साल बाद छत्तीसगढ़ में उत्कृष्ट खिलाड़ियों के नामों की घोषणा हुई है। 20 खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ही उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किया गया है। खेलों के जरिए सरकारी नौकरी में अवसर मिलने पर युवा प्रतिभा खेलों के प्रति आकर्षित होंगे।
रायपुर, 6 अगस्त 2026। आठ साल लंबे इंतजार के बाद बुधवार का दिन छत्तीसगढ़ के खिलाडिय़ों के लिए खुशियों का पैगाम लेकर आया। दरअसल राज्य के 20 खेलों के 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किया गया है। राज्य शासन ने बुधवार को इसे राजपत्र में प्रकाशित कर नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। 30 जून को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में उत्कृष्ट खिलाड़ियों के चयन पर निर्णय हुआ था। बुधवार को जारी नोटिफिकेशन में वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए उत्कृष्ट खिलाड़ियों की घोषणा की गई है। इसमें 20 खेलों के 156 खिलाड़ियों के नामों का चयन किया गया है। इन उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिये सरकारी नौकरी में चयन आसान हो जाएगा।
राज्य सरकार की नीति 2007 के अनुसार इन खिलाड़ियों को शासकीय सेवा में नियुक्ति की पात्रता होगी। बैडमिंटन, तीरंदाजी, हॉकी, फेंसिंग, कराटे समेत 20 खेलों के 156 खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर चयन किया गया है। डॉ. रमन सिंह की सरकार में आखिरी बार उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची जारी हुई थी। पिछली सरकार ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया था। प्रदेश के खिलाड़ी तब से इंतजार कर रहे थे। वहीं खेल विशेषज्ञ मानते हैं कि सरकार की इस घोषणा से खेल प्रतिभाओं को सम्मान मिलेगा। सरकारी नौकरी के अवसर मिलने से युवा प्रतिभा खेलों के प्रति आकर्षित होंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य के खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के अनुरूप सम्मान और अवसर उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि यह फैसला केवल लंबित प्रकरण का निपटारा नहीं है, बल्कि राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत करने और खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण कदम भी है। वहीं डिप्टी सीएम तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की घोषणा छत्तीसगढ़ के खेल एवं खिलाड़ियों के लिए सबसे बड़ा दिन है। इन खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी में अवसर मिलेगा। फिलहाल देखें पूरी लिस्ट..