• भाजपा नेता ने ह्ड़पी 285 गज जमीन, भेष बदलकर छिपा था कटक में, पुलिस ने पकड़ा और भेज दिया जेल

    दिल्ली पुलिस ने कथित जमीन फर्जीवाड़े के आरोपी तथा भाजपा एससी - एसटी मोर्चा के समस्तीपुर जिला अध्यक्ष हीरा पासवान को ओड़िशा के कटक से गिरफ्तार किया है. उस पर दिल्ली में 285 गज जमीन के फर्जी दस्तावेज बनाकर करीब 2 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का आरोप है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट:-

    नई दिल्ली/ कटक, 6 अगस्त 2026. दिल्ली पुलिस ने कथित जमीन फर्जीवाड़े के मामले में बिहार में समस्तीपुर जिला के बीजेपी एससी - एसटी मोर्चा के जिला अध्यक्ष को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, वह दिल्ली में दर्ज जमीन फर्जीवाड़े के मामले में बीते 1 साल से फरार चल रहा था और ओड़िशा के कटक में भेष बदलकर रह रहा था. लेकिन पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस के जरिए उसकी लोकेशन ट्रैक कर उसे दबोच लिया. खबर है कि  दिल्ली की अदालत में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया गया है. वहीं इसी मामले में उसके बेटे राजा पासवान की भी जांच की जा रही है.

    285 गज की कथित फर्जी सौदे से जुड़ा है यह मामला 
    दिल्ली पुलिस के मुताबिक, मामला पश्चिम दिल्ली के जय विहार (बपरोला) इलाके में 285 गज जमीन के कथित फर्जी सौदे से जुड़ा है. आरोप है कि हीरा पासवान और उसके बेटे राजा पासवान ने जमीन के वास्तविक मलिक उमेश सिंह के फर्जी हस्ताक्षर कर जनरल पावर ऑफ़ अटॉर्नी (जीपीए ) तैयार करवाई. पुलिस का दावा है कि इसी कथित फर्जी दस्तावेज के आधार पर बारी-बारी से  पिंकी देवी, पंकज कुमार और सीमा देवी के साथ मिलकर जमीन की खरीद- बिक्री के नाम पर करीब 2 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की  गई.

    दिल्ली से फरार होकर कटक में छिपा था आरोपी
    जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जैसे ही मामला दर्ज हुआ, हीरा पासवान दिल्ली छोड़कर  ओड़िशा में कटक चला गया और वहां उसने कथित तौर पर अपनी पहचान छिपाकर लेबर कांट्रेक्टर के रूप में काम शुरू कर दिया. लेकिन दिल्ली पुलिस ने  तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय इनपुट के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रैक की तथा दबिश देकर उसे दबोच लिया.

    कोर्ट में पेशी के बाद भेजा गया तिहाड़ जेल
    गिरफ्तारी के बाद आरोपी भाजपा नेता को दिल्ली लाकर अदालत में पेश किया गया. सुनवाई के बाद अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजते हुए तिहाड़ जेल भेजने का आदेश दिया. हालांकि, पुलिस अब इस मामले में इस्तेमाल किए गए सभी कागजातों, बैंक लेनदेन और अन्य साक्षयों की जांच कर रही है.

    बेटे समेत पूरे नेटवर्क की जांच
    दिल्ली पुलिस की शुरुआती जांच में आरोपी हीरा पासवान के बेटे राजा पासवान की भी भूमिका सामने आई है. अब जांच एजेंसियां  यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित फर्जीवाड़े में और कौन-कौन लोग शामिल थे एवं इस नेटवर्क के जरिए कितने लोगों से धोखाधड़ी की गई.

    नौकरी दिलाने के नाम ठगी के आरोपों की भी जांच
    पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हीरा पासवान और उसके बेटे राजा पासवान पर कथित तौर पर  नौकरी दिलाने का झांसा देकर दर्जनों लोगों से लाखों रुपए ठगी के आरोप भी सामने आए हैं. इन आरोपों की भी तहकीकात की जा रही है और पुलिस  साक्षय जुटाने में लगी है.