युवक ने पूछा... कैसे दिए करेले? और कोबरा ने उसे डस लिया! बिलासपुर के बाजार में चौंकाने वाली घटना
छत्तीसगढ़ में बिलासपुर के नेहरू नगर स्थित साप्ताहिक बाजार में सब्जी खरीदने पहुंचे एक युवक को जहरीले कोबरा ने डस लिया. करेले के ढ़ेर में छिपे सांप के हमले से सब्जी मंडी में हड़कंप मच गया. हालांकि, घायल युवक को तुरंत सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद...
बिलासपुर, 29 जुलाई 2026. यहां के नेहरू नगर स्थित गणेश चौक के साप्ताहिक बाजार में सोमवार को एक खौफनाक घटना घटी. यहां सब्जी खरीदने आए एक युवक पर जहरीले कोबरा सांप ने हमला कर दिया. सांप सब्जी की दुकान पर रखे करेले के ढ़ेर में छिपा था.
सब्जी चुनते समय हमला
जानकारी के मुताबिक, बहतराई निवासी बिहारी साहू मुंगेली नाका की तरफ से लौट रहे थे. घर जाते समय उन्होंने नेहरू नगर के बाजार से सब्जी खरीदने का फैसला किया. वे एक दुकान पर रुककर करेला चुन रहे थे. जैसे ही बिहारी साहू ने करेलों में हाथ लगाया, उसमें छिपे कोबरा सांप ने उनके बाएं हाथ की उंगली पर वार कर डस लिया.
बाजार में मची अफरा - तफरी
सांप के डसते ही युवक दर्द से चीख पड़ा. दुकानदार और आसपास के लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही कोबरा ने फन फैला कर फुंफकारना शुरू कर दिया. सांप को देखते ही पूरे बाजार में भगदड़ मच गई. दहशत इतनी थी कि कई दुकानदार अपनी दुकानें छोड़कर भाग खड़े हुए. मौके पर मौजूद लोगों के बीच काफी देर तक अफरा - तफरी का माहौल बना रहा.
सिम्स में चल रहा इलाज
स्थानीय लोगों ने साहस दिखाया और घायल बिहारी साहू को तुरंत उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि युवक को सही समय पर अस्पताल लाया गया, जिससे उसका इलाज तुरंत शुरू कर दिया गया. फिलहाल युवक की हालत स्थिर है और वह डॉक्टरों की निरंतर निगरानी में है.
सावधानी बरतने की जरूरत
बरसात के इस मौसम में खेतों और झाड़ियों से निकलकर जहरीले जीव अक्सर सुरक्षित ठिकानों की तलाश में रिहायशी इलाकों तक पहुंच रहे हैं. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यह सांप संभवत : सब्जी के साथ ही मंडी से बाजार तक पहुंचा होगा. इस घटना ने बाजार आने वाले लोगों और दुकानदारों को डरा दिया है.