• महिला ट्रेनी ऑफिसर के आरोपों से हड़कंप, कहा- प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी ने मुझ पर कंडोम के तीन पैकेट  फेंके

    हैदराबाद, 29 जुलाई 2026। यहां के शिवरमपल्ली स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल नेशनल पुलिस अकादमी में प्रशिक्षण हासिल कर रहे आईपीएस के एक अधिकारी एम उदय कुमार रेड्डी ने  पिछले दिनों जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया. इस बाबत पुलिस ने बताया कि  इस प्रशिक्षु पुरुष आईपीएस अधिकारी पर एक महिला प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी का पीछा करने और उनका यौन उत्पीड़न करने का मामला दर्ज है. पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपने एक दोस्त के अपार्टमेंट में कोई जहरीला पदार्थ खा लिया और जान देने की कोशिश की. अब वह अस्पताल में भर्ती है, जहां उनका उपचार किया जा रहा है.

    आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि  "पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत में एक 30 वर्षीय प्रशिक्षु महिला आईपीएस अधिकारी ने आरोप लगाया था कि  उनके साथ प्रशिक्षण हासिल कर रहे एक अन्य आईपीएस प्रशिक्षु अधिकारी एम उदय कुमार रेड्डी ने उन्हें  23 जून 2026 से "मैसेजिंग ऐप " के जरिए गलत संदेश भेजकर परेशान किया और  अकादमी में उनके दोस्तों के सामने आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की. प्रशिक्षु महिला अधिकारी ने बताया कि पुरुष प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी ने उनका किसी अन्य प्रशिक्षु अधिकारी के साथ यौन संबंध होने का झूठा आरोप भी लगाया और अपशब्दों का इस्तेमाल किया.

    महिला प्रशिक्षु अधिकारी के मुताबिक, प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी एम उदय रेड्डी ने उन पर ऐसे कथित संबंध को स्वीकार करने का दबाव भी डाला. महिला प्रशिक्षु  अधिकारी ने बताया कि 9 जुलाई को उक्त पुरुष अधिकारी ने उन्हें गलत तरीके से रोका और बलपूर्वक  अपने कमरे में ले गए, उन्होंने उनके बाल पकड़ लिया और गला दबोचने की कोशिश की. इतना ही नहीं उन्होंने मुझे गर्दन पर चाकू रखा और कमरे से बाहर नहीं निकलने दिया. महिला प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी का दावा है कि 10 जुलाई को प्रशिक्षु अधिकारी पुरुष ने उनके साथ मारपीट की और मुझ पर कंडोम के तीन पैकेट फेंके.

    महिला प्रशिक्षु  अधिकारी ने बताया कि उनके बिना जानकारी और सहमति के बिना उनका एक निजी वीडियो रिकॉर्ड किया और उन्हें ब्लैकमेल करने के इरादे से उनके पति को भेज दिया. पुलिस ने बताया कि प्रशिक्षु  महिला आईपीएस अधिकारी की शिकायत पर 18 जुलाई को राजेंद्र नगर क्षेत्र के अत्तापुर पुलिस में बीएनएस की संबंधित धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है. सूत्र बताते हैं कि मामला दर्ज होने के बाद प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी एम उदय कुमार रेड्डी अकादमी से चले गए. वह पूर्व में आंध्र प्रदेश में कांस्टेबल भी रह चुके हैं. पुलिस उन्हें तलाश रही है.