• रायपुर के 70 वार्डों में पहुँचेगी हरियाली, 'नेचर्स ए.टी.एम.' के माध्यम से निःशुल्क मिलेंगे पौधा

    रायपुर, 29 जुलाई 2026। रायपुर शहर के सभी 70 वार्डों में 'नेचर्स ए.टी.एम.' (Nature's ATM) के माध्यम से निःशुल्क पौधा वितरण अभियान शुरू किया गया है। इस अभिनव पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देना तथा प्रत्येक नागरिक को अपनी माँ के नाम पर एक पौधा लगाने के लिए प्रेरित करना है।

    वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने बुधवार को नया रायपुर स्थित अपने शासकीय निवास से 'नेचर्स ए.टी.एम.' वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रायपुर वनमंडल द्वारा प्रारंभ किए गए इस चलित पौधा वितरण वाहन के माध्यम से शहर के सभी 70 वार्डों में घर-घर पहुँचकर नागरिकों को निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। इस पहल का संचालन प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख अरुण कुमार पांडे के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

    'नेचर्स ए.टी.एम.' के माध्यम से नागरिकों को फलदार, छायादार एवं अधिक ऑक्सीजन प्रदान करने वाले विभिन्न प्रजातियों के पौधे वितरित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक पौधे के संरक्षण और उसके प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का भाव विकसित करना भी है।

    कार्यक्रम में वन विभाग एवं रायपुर वनमंडल के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे 'नेचर्स ए.टी.एम.' से निःशुल्क पौधे प्राप्त कर "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान से जुड़ें और हरियर छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएँ।