छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की इनोवा खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी, झांसी-ललितपुर हाइवे पर बड़ा हादसा
छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव झांसी- ललितपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसे के शिकार हो गए हैं। उन्हें गंभीर चोटे आई हैं और झांसी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
झांसी, 29 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सड़क हादसे में घायल हो गए हैं। झांसी-ललितपुर हाईवे पर तालबेहट के पास उनकी इनोवा कार खड़े ट्रक से पीछे जा टकराई। हादसे में प्रदेश अध्यक्ष और उनका चालक घायल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, झांसी-ललितपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तालबेहट के पास उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की इनोवा कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना जोरदार था कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
किरण सिंह देव को आई पैर और कूल्हे में चोट
हादसे में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और उनका चालक घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और दोनों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। मेडिकल कॉलेज के सीएमएस के अनुसार, बीजेपी नेता के पैर और कूल्हे में चोट आई हैं। एहतियात के तौर पर उनका सीटी स्कैन कराया जा रहा है। हालांकि, फिलहाल उनकी हालत गंभीर नहीं बताई गई है।
बागेश्वर धाम से लौट रहे थे
बताया जा रहा है कि किरण सिंह देव बागेश्वर धाम, ओरछा और दतिया में दर्शन करने के बाद वापस लौट रहे थे। वहीं, साथ चल रहे विधायक ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं और किसी अन्य को गंभीर चोट नहीं आई है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
CM साय ने की शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव के सड़क दुर्घटना में घायल होने की सूचना पर दुःख व्यक्त करते हुए उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की एवं संबधित प्रदेश के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर बेहतर इलाज के निर्देश उच्चाधिकारियों को दिए है । उन्होंने माँ दंतेश्वरी से प्रार्थना की कि वे उन्हें शीघ्र स्वस्थ कर पुनः जनसेवा में सक्रिय होने का आशीर्वाद प्रदान करें।