• अयोध्या के बाद मथुरा में भी चढ़ावे पर फजीहत, गवन का आरोप लगाने वाले फलाहारी बाबा के खिलाफ तहरीर

    श्री कृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के उप प्रबंधक ने पुलिस में तहरीर देकर दिनेश फलाहारी महाराज के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. हालांकि फलाहारी बाबा का कहना है कि दबाव बनाने के लिए प्राथमिकी दर्ज कराने का प्रयास किया जा रहा है. एडिशनल पुलिस अधीक्षक ने कहा कि फिलहाल मामले की पड़ताल की जा रही है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट:-

    मथुरा, 21 जून 2026. अयोध्या में श्री राम मंदिर के चढ़ावे  में गवन के मामले में दिनेश फलाहारी महाराज के आरोपों को निराधार बताते हुए श्री कृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान कटरा केशवदेव के उप प्रबंधक ने उनके खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है. साथ ही उनपर फर्जी ट्रस्ट बनाकर श्रद्धालुओं से धन राशि दान स्वरूप वसूलने और 20 लाख की चंदा मांगने का आरोप लगाया है. उप प्रबंधक अनुराग पाठक ने यहां के गोविंद नगर पुलिस में दी तहरीर में बताया कि गोविंद गोवर्धन के महमदपुर निवासी दिनेश शर्मा फलाहारी बाबा पर पहले से ही धोखाधड़ी के कई मुकदमे दर्ज हैं.

    आरोप है कि दिनेश फलाहारी (शर्मा) ने भक्तों और दानदाताओं को भ्रमित कर अवैध रूप से चंदा वसूलने के उद्देश्य से श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास नाम से एक ट्रस्ट का गठन किया एवं इस न्यास के जरिए वे लगातार मोटी धनराशि इकट्ठा कर उसका निजी स्वार्थों में उपयोग कर रहे हैं. इस अनुचित कृत्य का विरोध किया गया तो दिनेश फलाहारी ने अपने गुर्गों के जरिए संस्थान के पदाधिकारियों को जान से मारने की धमकी दी और 20 लाख रुपए की चंदा मांगी. हालांकि, संस्थान के पदाधिकारियों ने जब इसका विरोध किया तब वे मीडिया और सोशल मीडिया पर संस्थान के प्रबंधन तंत्र और कर्मचारियों के खिलाफ गवन, घोटाले और वित्तीय अनियमितताओं के झूठे- मनगढ़ंत आरोप लगाने आरंभ कर दिए. इतना ही नहीं, वे फर्जी दस्तावेज के सहारे धर्मनिष्ठ  जनता से  छल - कपट कर रहे हैं.

    संस्थान के उप प्रबंधक ने  एडिशनल एसपी श्लोक कुमार को तहरीर सौंपकर दिनेश फलहारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. हालांकि, दिनेश फलाहारी महाराज का कहना है कि दबाव बनाने के लिए प्राथमिकी दर्ज कराने का प्रयास किया जा रहा है. एडिशनल एसपी ने बताया कि फिलहाल मामले की पड़ताल की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

    यह है मामला 
    दिनेश फलाहारी महाराज ने श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की गबन मामले में सीबीआई से जांच करने की भी मांग की थी. उन्होंने बीते मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपने खून से पत्र लिखकर करोड़ों रुपए घोटाले का आरोप लगाया था और कहा था कि जानबूझकर सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए जाते हैं, ताकि भक्तों द्वारा दिए गए दान को खुद- ब- खुद गायब किया जा सके. दावा किया गया कि कभी स्कूटर से आने वाले मंदिर के कर्मचारी आज आलीशान इमारतों और लग्जरी गाड़ियों के मालिक बन बैठे हैं. इसकी भी जांच होनी चाहिए.