• दोस्ती, अवैध संबंध और कत्ल! शक में डंपर ड्राइवर का मर्डर, मुंबई से आरोपी गिरफ्तार

    राज्य के बालेश्वर से कथित अवैध संबंधों के शक में दोस्त की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने मुख्य आरोपी बिरेन मढ़ेई को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लाश बरामद कर ली है. पढ़िए समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ रिपोर्ट में इस खूनी वारदात की सनसनीखेज कहानी..

    बालेश्वर, 21 जून 2026. ओड़िशा के बालेश्वर जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां कथित अवैध संबंधों के शक में एक व्यक्ति ने अपने ही दोस्त की हत्या कर दी. पुलिस की गहन जांच के बाद मुख्य आरोपी को महाराष्ट्र के मुंबई से गिरफ्तार किया गया है. आरोपी की निशानदेही  पर लाश बरामद की गई है. पुलिस अब इस पूरी वारदात की कडियां जोड़ने में जुटी है. मृतक की पहचान बालेश्वर जिले के नीलगिरी प्रखंड के केसीपुर पंचायत के जमुना गांव निवासी बिरेन्द्र बेहरा के तौर पर हुई है.

    पुलिस के मुताबिक, बिरेन्द्र बीते 31 मई को दोस्त बिरेन मढ़ेई के साथ डंपर चालक के तौर पर काम करने के लिए पड़ोसी जिले मयूरभंज के काप्तीपाड़ा गया था. इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा. परिवार वालों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. पति के अचानक गायब होने से परेशान पत्नी सावित्री बेहरा बरहमपुर पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कर दी. शिकायत मिलते ही पुलिस ने तहकीकात शुरू की और बिरेन्द्र की गतिविधियों के साथ-साथ उसके संपर्क में रहने वाले लोगों से पूछताछ की. इसी दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले, जिन्होंने जांच की दिशा बदल दी.

    जांच के दौरान पुलिस को मालूम पड़ा की बिरेन्द्र बेहरा और बिरेन मढ़ेई लंबे समय से अच्छे दोस्त थे. दोनों अक्सर राज्य के बाहर जाकर काम करते थे. लेकिन दोनों के रिश्तों में तब दरार आ गया जब  बिरेन्द्र पर बिरेन की पत्नी के साथ अवैध संबंध रखने का आरोप लगा. इसी वजह से दोनों के बीच मनमुटाव शुरू हो गया. पुलिस की जांच में यह भी खुलासा हुआ कि दोनों के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए मामला को गांव की समिति के सामने रखा गया और गांव के बुजुर्गों और सरपंच ने हस्तक्षेप  कर दोनों के बीच समझौता कराने की कोशिश की थी. बताया गया कि समझौते के तहत 50 हजार रुपए का  जुर्माना भी लगाया गया था. बावजूद इसके दोनों के बीच विवाद खत्म नहीं हुआ.

    बालेश्वर के एडिशनल एसपी प्रमोद कुमार मलिक के मुताबिक, आरोपी को अपनी पत्नी और बिरेन्द्र के बीच अवैध संबंध का गहरा होता चला गया. इसी वजह से उसने अपने दोस्त को बुलाया और हत्या कर दी. पुलिस का कहना है कि यह वारदात  25 मई को हुई थी. हत्या के बाद आरोपी  सबूत मिटाने की भरपूर कोशिश की और लाश को सुनसान जगह पर दफना दिया. जांच के दौरान पुलिस को आरोपी बिरेन मढ़ेई की भूमिका पर शक हुआ.

    तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस हत्यारे की तलाश में जुटी रही. आखिरकार पुलिस ने उसे महाराष्ट्र के मुंबई से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को ओड़िशा लाया गया, जहां उससे गहन पूछताछ की गई. इस दौरान आरोपी ने दोस्त की हत्या कर देने की बात कबूल कर ली है. उसने पुलिस को उसे जगह की जानकारी भी दी जहां उसने मृतक लाश को दफनाया था. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके ससुराल के इलाके से मानव अवशेष बरामद किए और तभी जाकर मामले में हत्या की पुष्टि हो सकी.