सेना के ट्रक की टक्कर से एंबुलेंस के उड़े परखच्चे, 3 लोगों की मौके पर ही मौत, 2 गंभीर
राजस्थान के श्री गंगानगर जिले में रविवार की सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई और दो लोग जख्मी हो गए. हादसा नेशनल हाईवे 62 पर 22 एलजीडब्ल्यू के पास हुआ. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की रिपोर्ट:-
श्री गंगानगर, 5 जुलाई 2026. राजस्थान के श्री गंगानगर जिले में रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई और 2 गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है. मिली जानकारी के मुताबिक, सेना के ट्रक और एंबुलेंस के बीच आमने-सामने की भिड़ंत के बाद मौके पर अफरा - तफरी मच गई. हालांकि, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों कों शासकीय अस्पताल की मोर्चरी रखवाया गया.
खबर है कि, हादसा सुबह करीब 8:15 बजे श्री गंगानगर जिले के सूरतगढ़ सदर पुलिस इलाके में हुआ. सेना के ट्रक की टक्कर से एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए. हादसे में 3 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. जबकि 2 लोग बुरी तरह घायल हैं. जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में श्री गंगानगर मेडिकल रेफर किया गया है.
मृतकों की हुई पहचान
मृतकों की पहचान एंबुलेंस सवार बीमार महेंद्र कौर, लक्ष्मी और सतनाम के तौर पर हुई है. तीनों मृतक श्री गंगानगर के हिंदूभलकोट पुलिस इलाके के गांव 5 बी कोनी के रहने वाले थे. पुलिस तीनों शवों को शासकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है. परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम होगा और शव परिजनों को सुपुर्द कर दिए जाएंगे. वहीं, घायल राम प्रताप और ड्राइवर राजवीर को श्री गंगानगर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
हादसे के बाद हाईवे जाम
इस हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर अफरा - तफरी का माहौल हो गया और दोनों तरफ भारी जाम लग गया. हालांकि पुलिस ने जाम हटाकर क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क के किनारे करवाया. इसके बाद ही यातायात सुचारू हो पाया. हादसा इतना जबरदस्त था कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.