• सूरजपुर में खुदाई के दौरान बड़ा हादसा, पत्थर धसने से 2 युवक जिंदा दफन

    छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के  लांची गांव में सरकारी जमीन पर गिट्टी निकालने के दौरान पत्थर धसने से दो युवक जिंदा दफन हो गए. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की रिपोर्ट:-

    सूरजपुर, 5 जुलाई 2026. यहां  लांची गांव में रविवार दोपहर यह दर्दनाक हादसा हो गया. यहां के सरकारी जमीन पर अवैध रूप से  गिट्टी निकालने के लिए पत्थर की खुदाई कर रहे 2 युवक अचानक पत्थर धसने से मलबे में दब गए. खबर मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर दोनों के शव बाहर निकाले.

    इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है. पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान लांची निवासी बाबूलाल(18) और जयपाल(18) के तौर पर हुई है. दोनों युवक गांव की सरकारी जमीन पर पत्थर तोड़कर गिट्टी बनाने का काम कर रहे थे. इसी दौरान ऊपर मौजूद एक बड़ा पत्थर अचानक टूटकर धंस गया, जिससे दोनों उसकी चपेट में आ गए और मलबे के नीचे दब गए.

    ग्रामीणों ने पहले ही किया था आगाह 

    प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों ने बताया कि  खुदाई के दौरान अचानक जोरदार आवाज सुनाई दी. आवाज सुनते ही ग्रामीण लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े, जहां मिट्टी और पत्थरों का एक बड़ा हिस्सा धंसा हुआ  मिला. ग्रामीणों के मुताबिक, उन्होंने कुछ समय पहले ही दोनों युवकों को वहां काम करते देखा था और खतरनाक जगह पर खुदाई नहीं करने की सलाह भी दी थी. युवकों ने कहा था कि वे जल्द लौट जाएंगे, लेकिन कुछ ही मिनटों बाद यह हादसा हो गया.

    मलबा हटाकर निकाले दोनों शव 

    ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्ड शुरू किया और  पत्थर व मिट्टी हटाकर दोनों युवकों को बाहर निकालने का प्रयास किया. हालांकि, जब तक मलबे से बाहर निकाला गया, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई  शुरू कर दी.

    परिजनों का  रो - रोकर बुरा हाल

    मृतक बाबूलाल के भाई ज्वाला प्रसाद ने बताया कि उनके भाई के घर से निकलने की जानकारी परिवार को नहीं थी. वे स्वयं भोजन करने के बाद काम पर जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी गांव वालों से सूचना मिली कि पत्थर धसने से उनका भाई दब गया है. खबर मिलते ही परिवार मौके पर पहुंचा, जहां बाबूलाल की मौत की पुष्टि हुई.

    अवैध  खुदाई की होगी जांच

    सूरजपुर तहसीलदार सूर्यकांत साय ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक रविवार सुबह पत्थर की खुदाई कर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ. हालांकि, ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाल लिया गया. उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन पर अवैध खुदाई क्यों की जा रही थी और वहां खनन गतिविधियां चल रही थी अथवा नहीं, इसकी पड़ताल की जाएगी. इस बीच कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर  तहकीकात शुरू कर दी है. पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों के साथ-साथ अवैध उत्खनन में उन लोगों की भूमिका की भी पड़ताल शुरू कर दी है.