अन्नामलाई ने दिया बीजेपी से इस्तीफा, नितिन नवीन को थमाया पांच पृष्ठों का त्यागपत्र
तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने मंगलवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया. उन्होंने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को पांच पृष्ठों का त्यागपत्र सौंपा. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट:-
नई दिल्ली, 2 जून 2026. तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने मंगलवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया. उन्होंने बीजेपी को अलविदा कहते हुए पांच पृष्ठों का त्यागपत्र थमाया. इस्तीफा देने के बाद अन्नामलाई ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और चेन्नई के लिए रवाना हो गए. सूत्र बताते हैं कि नितिन नवीन और संगठन महासचिव बीएल संतोष के साथ हुई बैठक में अन्नामलाई ने सौहार्दपूर्ण माहौल में पार्टी छोड़ने की बात कही.
उन्होंने कहा कि अब वह अपना रास्ता खुद तय करना चाहते हैं. पार्टी सूत्रों का कहना है कि भाजपा नेतृत्व अन्नामलाई को रोकने की पुरजोर कोशिश कर रहा था और उनके राष्ट्रीय स्तर पर कोई महत्वपूर्ण भूमिका सौंपी जा सकती थी. उन्हें अगले निर्देश तक दिल्ली न छोड़ने की सलाह भी दी गई थी लेकिन उन्होंने किसी की नहीं सुनी.
गौरतलब है कि अन्नामलाई की भाजपा छोड़ने की अटकलें कुछ महीनो से चल रही थी, खासकर 2025 में उनकी जगह जब नैनार नगेंद्रन को तमिलनाडु बीजेपी का अध्यक्ष बनाया गया. अन्नामलाई के एमजीआर और जयललिता पर दिए गए आक्रामक बयानों से अन्ना डीएमके के साथ गठबंधन में तनाव बढ़ गया था, जिसका नुकसान बीते चुनाव में दोनों को हुआ. मदुरै सहित विभिन्न जगहों पर उनके समर्थकों ने पोस्टर लगाकर उनसे 'अगला अवतार' लेने और 'तमिलनाडु को बचाने' की अपील भी की. इतना ही नहीं, कोयंबटूर में उनके जन्मदिन से पहले लगाए गए बड़े-बड़े पोस्टरों ने भी इस चर्चा को गर्म कर दिया था.
बता दें कि अन्नामलाई 2020 में राजनीति में आए और तमिलनाडु बीजेपी के सबसे युवा अध्यक्ष बने. बताया जा रहा है कि वे एक जन आंदोलन शुरू करने का मन भी बना रहे हैं, हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि भविष्य में किसी नई राजनीतिक पार्टी का रूप लेगा या नहीं. अन्नामलाई ने कहा है कि वह अगले दो दिनों में अपना भविष्य और रुख पूरी तरह स्पष्ट कर देंगे.