आज आधी रात से तेलंगाना में ऑटो - कैब चालकों की एकदिवसीय हड़ताल, बंद रहेगा संचालन
समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट:- हैदराबाद, 23 अगस्त 2026. तेलंगाना में ऑटो - कैब और स्कूल वैन ड्राइवरों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आज यानी रविवार की आधी रात से एकदिवसीय हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है. यूनियनों के मुताबिक, प्रस्तावित हड़ताल 24 अगस्त सोमवार तक जारी रहेगा और इसमें राज्यभर के चालकों के शामिल होने की संभावना है. चालक यूनियन का कहना है कि सरकार ने पहले उनकी कई मांगों को पूरा करने का वादा किया था, लेकिन उन पर अभी तक कुछ अमल नहीं हो सका है. इसी के विरोध में यह एक दिवसीय हड़ताल का फैसला लिया गया है.
सहायता परिषद बनाने की मांग
यूनियनों ने परिवहन क्षेत्र से जुड़े चालकों के लिए एक विशेष सहायता परिषद बनाने की मांग की है. उनका कहना है कि सहायता परिषद बन जाने से चालकों को सामाजिक सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा. इसके साथ ही चालकों ने ऑटो मीटर किराए में बढ़ोतरी की मांग की है. उनका कहना है कि ईंधन, वाहन रखरखाव और रोजमर्रा की जरूरतों की बढ़ती लागत के कारण मौजूदा किराया पर्याप्त नहीं है.
ओला -उबर की जगह सरकारी ऐप की मांग
यूनियनों ने ओला, उबर अरे रैपीडो जैसी निजी ऐप आधारित सेवाओं के विकल्प के तौर पर सरकार के सहयोग से एक नया ऐप शुरू करने की भी मांग की है. उनका कहना है कि इससे चालकों को बेहतर शर्तों पर काम करने और अपनी आमद बढाने में मदद मिल सकती है. इसके अलावा, चालकों ने ऑटो ड्राइवरों के लिए 12 हजार रुपए की आर्थिक सहायता योजना भी लागू करने की मांग दोहराई है.
7.5 लाख ऑटो चालक होने का दावा
यूनियनों के मुताबिक, पूरे तेलंगाना में करीब 7.5 लाख ऑटो चालक हैं, जबकि अकेले हैदराबाद में इनकी संख्या लगभग 2.5 लाख है. यूनियनों का दावा है कि बड़ी संख्या में चालक इस एक दिवसीय हड़ताल में शामिल होंगे.