• राजधानी में तेज बारिश से शिवा रेसीडेंसी की सड़कें भी  जलमग्न

    कालोनी के निवासियों के बताया कि पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से हर साल ऐसी नौबत आती है।

    रायपुर, 23 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर में आज दोपहर लगभग डेढ़ -दो घंटे तक हुई तेज बारिश में कई सड़कें जलमग्न हो गईं। इस वजह से यातायात भी काफी प्रभावित हुआ । इस दौरान स्थानीय मठपुरैना स्थित कॉलोनी शिवा रेसिडेंसी फेज -1 की सड़कें भी जलमग्न हो गईं । लोगों को अपनी गाड़ियां रखने और पैदल आने जाने में काफी परेशानी उठानी  पड़ी। घरों के सामने पानी में डूबी सड़कों से घर में कदम रखना मुश्किल हो गया।

    कॉलोनी के लोगों का कहना है कि उनकी  कॉलोनी के बाहर की नगर निगम सड़क की ऊँचाई अधिक हो गई है और उस सड़क की नाली को भी कॉलोनी की नाली से कनेक्ट कर दिया गया है। इसके फलस्वरूप बारिश में बाहर की सड़क का पानी कॉलोनी के भीतर आ जाता है और भीतर की सड़कें जलमग्न हो जाती हैं। बारिश रुकने के कम से कम दो घंटे बाद ही इन सड़कों का पानी उतरता है । लेकिन तब तक लोग काफी परेशान रहते हैं। कॉलोनी के भीतर जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर साल मानसून के दौरान तेज बारिश होने पर ऐसी नौबत आती है।नागरिकों ने  नगर निगम से इस गंभीर समस्या के त्वरित और स्थायी निराकरण का आग्रह किया है।