• कुएं में गिरी कार, पति - पत्नी और 2 मासूम बच्चों की गई जान, इलाके में पसरा मातम

    तेलंगाना के सिद्दिपेट जिले में एक कार के कुएं में गिरने से एक ही परिवार के 4 सदस्यों की जान चली गई, जिनमें 2 मासूम बच्चे भी शामिल है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की हृदयविदारक रिपोर्ट:-

    हैदराबाद, 20 अगस्त 2026. तेलंगाना के  सिद्दिपेट जिले में एक कार के कुएं में गिरने से एक ही परिवार के 4 सदस्यों की मौत हो गई, जिनमें 2 मासूम बच्चे भी शामिल थे. यह हादसा बुधवार देर रात जिले के दुबक्का मंडल के अप्पानपल्ली के नजदीक हुआ. मृतकों की पहचान 30 वर्षीय राजू, 25 वर्षीय उनकी पत्नी भाग्य, 4 वर्षीय उनके बेटे निहांश एवं 2 वर्षीय मासूम बेटी शानविका के तौर पर हुई है. मृतक उसी जिले के बलवंतपुर के निवासी थे. रेत कारोबारी राजू अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बुधवार को एक रिश्तेदार के 'दशकर्म '  में शामिल होने के बाद सिद्दिपेट से वापस लौट रहे थे तभी जब कार अप्पनपल्ली के नजदीक पहुंची, तो राजू ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और वह सड़क किनारे एक खुले कुएं में जा गिरी.

    हालांकि, स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल कर्मियों को खबर  दी. खबर मिलते ही पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचकर  कार और शवों को कुएं से बाहर निकलने के लिए क्रेन का इस्तेमाल किया. पुलिस के मुताबिक, शवों को दुबक्का स्थित शासकीय अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. तेज रफ्तार के कारण यह हादसा होने की आशंका है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.