• छत्तीसगढ़ को मिले 45 नए डॉक्टर, सरकारी  अस्पतालों में बढ़ेगी इलाज की क्षमता

    रायपुर, 29 सितम्बर 2026। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करते हुए उन्हें अंतिम छोर तक प्रभावी रूप से पहुंचाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 45 चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में की गई इन नियुक्तियों से स्वास्थ्य संस्थाओं में आवश्यक चिकित्सकीय मानव संसाधन को और मजबूत किया गया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत नियुक्त इन चिकित्सकों की पदस्थापना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिविल अस्पताल एवं जिला अस्पताल स्तर की फर्स्ट रेफरल यूनिट (FRU) में की गई है। इससे इन संस्थाओं में मरीजों को बेहतर, समयबद्ध और उनके नजदीक आवश्यक चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।

    इन 45 चिकित्सकों की पदस्थापना से FRU स्तर की स्वास्थ्य संस्थाओं की सेवा क्षमता में विस्तार होगा। चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ने से मरीजों को स्थानीय स्तर पर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार की सुविधा मिलेगी तथा गंभीर एवं आपातकालीन मामलों में समय पर चिकित्सकीय आकलन, आवश्यक उपचार और आगे के उपचार के लिए उचित रेफरल सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।

    FRU स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जहां स्थानीय स्तर पर आवश्यक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ गंभीर मरीजों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य संस्थानों तक रेफर किया जाता है। चिकित्सकों की उपलब्धता से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ आपातकालीन चिकित्सा एवं रेफरल सेवाओं को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी।इन नियुक्तियों का लाभ विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में मिलेगा। 

    देखें लिस्ट..