जम्मू में बहस के बाद CISF जवान ने साथियों पर बरसाईं गोलियां, असिस्टेंट कमांडेंट समेत 4 की मौत
रणजीत सागर बांध पर बने सेवा पावर प्रोजेक्ट के अंदर गोलीबारी की जानकारी मिलते ही पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची.
जम्मू, 29 सितंबर 2026। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के बसोहली इलाके में स्थित सेवा पावर प्रोजेक्ट में आपस में हुई गोलीबारी की एक घटना में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के चार जवान शहीद हो गए. इनमें एक असिस्टेंट कमांडेंट भी शामिल हैं. अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि रणजीत सागर बांध पर बने सेवा पावर प्रोजेक्ट के अंदर गोलीबारी की जानकारी मिलते ही पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची.
बहस के बाद एक जवान ने कर दी फायरिंग
अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के ये कर्मी हिमाचल प्रदेश की सीमा से सटे बसोहली के मशका गांव स्थित सेवा-तृतीय बिजली परियोजना की सुरक्षा में तैनात थे. बताया जा रहा है कि यह प्रोजेक्ट 2013 से बंद है. मिली जानकारी के अनुसार किसी मुद्दे को लेकर दो जवानों के बीच बहस हुई, जिसके बाद उनमें से एक ने अंधाधुंध गोलीबारी की. इस घटना में चार कर्मियों की मौत हो गई.
CISF की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक मारे गए चार जवानों की पहचान- असिस्टेंट कमांडेंट अंकित कुमार पांडे, कॉन्स्टेबल रफीक अहमद, कॉन्स्टेबल संदीप कुमार और सब-इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह के रूप में हुई है.