पुजारी बने CM रेवंत रेड्डी, बारिश के लिए पत्नी संग किया 'वरुण यज्ञ '
नलगोंडा, 13 अगस्त 2026। तेलंगाना में इस बार मॉनसून की स्थिति अच्छी नहीं है. राज्य सरकार बारिश के लिए इस बार प्राचीन काल के उपायों का सहारा ले रही है. सरकार ने वैदिक विधि विधान से 'वरुण यज्ञ ' आयोजित किया है. इस दक्षिणी राज्य में कमजोर बारिश और जलाशयों में घटते पानी की चिंता के बीच कांग्रेस सरकार ने अच्छी बारिश की कामना करते हुए 'वरुण यज्ञ ' का आयोजन किया. यहां के नलगोंडा जिले के नागार्जुन सागर में कृष्णा नदी के किनारे इस धार्मिक अनुष्ठान में राज्य के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी पत्नी संग शामिल हुए. यज्ञ में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान वरुण से राज्य में पर्याप्त वर्षा की प्रार्थना की गई.
इस आयोजन में 108 पुजारियों और वैदिक विद्वानों ने हिस्सा लिया. इसके लिए 11 हवन कुंड बनाए गए थे. अनुष्ठान की शुरुआत सुबह करीब 4 बजे ' गौ पूजा ' से हुई. आयोजन का उद्देश्य वारिस की कामना और कृष्णा, गोदावरी नदी घाटियों के जलाशयों में पर्याप्त पानी आने की प्रार्थना भी थी. मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा है, " मैंने अपनी पत्नी के साथ मिलकर 'वरुण यज्ञ ' के पूर्णाहुति कार्यक्रम में हिस्सा लिया. यह आयोजन इस उम्मीद के साथ किया गया था कि राज्य में भरपूर बारिश हो और किसानों के जीवन में खुशहाली आए."
यादगिरीगुट्टा श्री लक्ष्मी नरसिम्हा स्वामी मंदिर के पुजारियों और वैदिक विद्वानों की देखरेख में यह
'वरुण यज्ञ ' किया, जिसमें 108 आचार्य और 11 होमकुण्ड शामिल थे. मिली जानकारी के मुताबिक, सिंचाई मंत्री एन. उत्तम कुमार रेड्डी और उनकी पत्नी विधायिका एन. पद्मावती ने भी यज्ञ के अनुष्ठानों में हिस्सा लिया.