कांग्रेस का राजभवन कूच, एयरपोर्ट जाने वाले यात्री हुए हलाकान
रायपुर, 15 जुलाई 2026। कांग्रेस आज प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज की अध्यक्षता में नकटी गांव से लेकर राजभवन तक करीब 14 किमी पैदल मार्च करने जा रही है। प्रदेश कांग्रेस के पैदल में कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता समेत बड़ी संख्या में तोड़फोड़ की कार्रवाई से प्रभावित परिवार शामिल हो रहे हैं। ग्राम नकटी से निकली पदयात्रा के व्हीआईपी रोड में जाम जैसे हालात है। जिससे एयरपोर्ट जाने वाले यात्री जाम में फंस गए।फिलहाल पदयात्रा VIP चौक के पास पहुंच गई है और राजभवन की ओर बढ़ रही है। इस दौरान प्रभावित महिलाएं 'नकटी में ही घर बनाओ' के नारे लगाते हुए सरकार से गांव में ही पुनर्वास की मांग कर रही हैं।
पुलिस ने राम मंदिर के पास बैरिकेडिंग की है। यहां पदयात्रा को रोका जाएगा। इसके बाद कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मिलने जाएगा और ज्ञापन सौंपेगा। पदयात्रा में पूर्व विधायक अनिता योगेंद्र शर्मा, अनिला भेड़िया, प्रमोद दुबे समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और प्रभावित परिवार शामिल हैं।
पदयात्रा को देखते हुए श्रीराम मंदिर तिराहा (करेंसी टॉवर) से तेलीबांधा थाना तिराहा तक सर्विस रोड 5 घंटे के लिए बंद रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों से मेन रोड का इस्तेमाल करने और सर्विस रोड से बचने की अपील की है। प्रभावित परिवार कांगेस नेताओं के साथ पैदल चलकर राजभवन पहुंच रहे हैं। यात्रा के दौरान प्रभावित परिवार की महिलाएं बोलीं- हमें नकटी गांव में ही घर बनाकर दो। प्रभावित परिवार राजभवन पहुंचकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेगा।
बैज ने बताया कि उनके पैर में पहले से हल्की मोच थी। पदयात्रा के दौरान कुछ कदम चलने पर दर्द बढ़ गया और फिर से मोच आ गई, इसलिए उन्हें कार से राजभवन के लिए रवाना होना पड़ा। उन्होंने बताया कि राज्यपाल से मिलने के लिए समय मांगा गया है। समय मिलने पर प्रतिनिधिमंडल उन्हें ज्ञापन सौंपेगा।