कवर्धा में बैंक से निकल रहे बुजुर्ग से दिनदहाड़े 3.50 लाख की लूट, लोगों ने लुटेरे को दौड़ाकर दबोचा फिर जमकर की धुनाई
कवर्धा: SBI से पैसे निकालकर घर लौट रहे बुजुर्ग से साढ़े तीन लाख रुपए की लूट हो गई। लूटेरे को लोगों ने दौड़ाकर पकड़ा फिर जमकर धुनाई कर दी और पुलिस के हवाले कर दिया।
कवर्धा, 15 जुलाई 2026। कवर्धा शहर में दिनदहाड़े लूट की कोशिश की गई. दर्रीपारा स्थित स्टेट बैंक के समीप एक बुजुर्ग से 3 लाख 50 हजार रुपये से भरा बैग छीनकर भाग रहे आरोपी युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया. लोगों ने आरोपी की पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया.
जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग अपने निजी कार्य के लिए स्टेट बैंक से 3 लाख 50 हजार रुपये निकालकर घर लौट रहे थे. इसी दौरान बैंक के आसपास पहले से मौजूद एक युवक ने मौका पाकर उनके हाथ से रुपयों से भरा बैग छीन लिया और भागने लगा. अचानक हुई इस घटना से बुजुर्ग घबरा गए और उन्होंने शोर मचाते हुए लोगों से मदद की गुहार लगाई.
बुजुर्ग की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद नागरिक तुरंत सक्रिय हो गए और आरोपी का पीछा शुरू कर दिया. कुछ ही दूरी पर लोगों ने उसे पकड़ लिया. इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई की और बाद में पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई. पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वारदात में आरोपी अकेला था या उसके साथ कोई अन्य साथी भी शामिल था. प्रारंभिक कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लूट की गई राशि बरामद कर ली है. दिनदहाड़े हुई इस घटना से शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.