धीरेंद्र शास्त्री के भाई सालिगराम गर्ग गोलीकांड में गिरफ्तार, जमीन नहीं देने पर किसान पर चलाई थी गोली
बागेश्वरधाम के धीरेंद्र शास्त्री के भाई सालिगराम गर्ग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार सालिगराम व उसके 4 साथियों ने छतरपुर जिले के राजनगर इलाके के कोड़ा गांव में जमीन नहीं देने पर धमकाते हुए किसान मोतीलाल कुशवाहा पर गोली चलाई थी। गोलीकांड में किसान गंभीर रूप से घायल हुआ था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है..
छतरपुर, 15 जुलाई 2026। एमपी के छतरपुर जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के कोड़ा गांव में हुए सनसनीखेज गोलीकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई सालिगराम गर्ग और उसके साथी अंकित मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है।
जानिए पूरा मामला..
छतरपुर के ग्राम कोड़ा में मंगलवार को एक जमीन विवाद को लेकर सालिगराम गर्ग ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक किसान पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि सालिगराम ने कई राउंड हवाई फायरिंग की और किसान पर गोलियां चलाईं, जिसमें किसान मोतीलाल कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पीड़ित किसान मोतीलाल कुशवाहा का सीधा आरोप है कि सालिगराम गर्ग और उसके गुंडों ने उस पर जानलेवा हमला किया, कई राउंड गोलियां चलाईं और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा था।
जमीन बेचने का बना रहे थे दबाव
किसान मोतीलाल कुशवाह का कहना है कि ये लोग हमसे जबरदस्ती जमीन बेचने का दबाव बना रहे हैं। ब्रजकिशोर का परिवार अपनी जमीन बाबा बागेश्वर को नहीं बेचना चाहता। इसी बात को लेकर मंगलवार को शालिगराम गर्ग अपने गुंडों के साथ आया, कई राउंड गोलियां चलाईं और हमें लाठी-डंडों से मारा. हम यही कहना चाहते हैं कि अब गरीब किसान जाएं तो जाएं कहां पर जाएं.
वीडियो में देखी जा रही है सालिगराम गर्ग
वारदात के बाद का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में बाबा बागेश्वर के भाई सालिगराम गर्ग और उनकी गाड़ी साफ देखी जा सकती है। स्थानीय लोगों और पीड़ित परिवार का कहना है कि जो भी किसान अपनी जमीन देने से मना करता है, उसे इसी तरह डराया-धमकाया और पीटा जाता है। घटना के तुरंत बाद शालिग्राम और उसके साथी मौके से फरार हो गए। आनन फानन में घायल मोतीलाल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालत गंभीर होने पर उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
इस घटना के बाद छतरपुर में तनाव का माहौल है। सवाल यह उठता है कि आखिर आस्था के केंद्र कहे जाने वाले धाम के करीबियों को कानून हाथ में लेने की आजादी किसने दी। बहरहाल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री के भाई सालिगराम गर्ग और उसके साथी अंकित मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या कहा एडिशनल एसपी ने..
एडिशनल एसपी आदित्य पटले ने बताया कि कोड़ा गांव में जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। इसी विवाद के दौरान चली गोली से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में दर्ज एफआईआर के आधार पर सालिगराम गर्ग और अंकित मिश्रा की गिरफ्तारी की गई है। इस घटना में कुल चार आरोपी शामिल थे, जिनमें तीन नामजद और एक अज्ञात है। बाकी फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
कानून अपना काम करे, हमारा कोई संबंध नहीं: धीरेंद्र शास्त्री
भाई सालिगराम की गिरफ्तारी के पहले ही बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, सालिगराम गर्ग से हमारा कोई लेना-देना नहीं है। हमारा परिवार से कोई संबंध नहीं है, पूरा विश्व ही हमारा परिवार है। कानून उन्हें जो भी कठोर से कठोर सजा देना चाहे, दे। इस मामले में हर बात में हमारा नाम न घसीटा जाए।