• सेवा कुंज में अंतर्राष्ट्रीय अग्रवाल महिला सम्मेलन द्वारा पशु सेवा व समाज सेवा का अनुकरणीय पहल

    समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की  विशेष रिपोर्ट:-
    संबलपुर, 17 जून 2026. अधिक मास अमावस्या के पावन अवसर पर अंतरराष्ट्रीय अग्रवाल महिला सम्मेलन, संबलपुर जिला इकाई द्वारा सेवा कुंज में एक विशेष सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यह सेवा कार्य निराश्रित एवं बीमार पशुओं की देखभाल एवं उपचार के लिए समर्पित रहा. आयोजित कार्यक्रम के तहत पशु चिकित्सा में उपयोग होने वाली दवाइयों के सुरक्षित रख- रखाव हेतु तीन बड़ी स्टील अलमारियां सेवा कुंज को भेंट की गई. इसके अतिरिक्त पशु आहार (दाना ), गुड़, हरी सब्जियां, फल, रोटियां और दवाइयों की खरीद के लिए आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया गया.

    इस मौके पर अंतर्राष्ट्रीय अग्रवाल सम्मेलन के ओड़िशा प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार सुल्तानिया बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे. उन्होंने इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय अग्रवाल महिला सम्मेलन की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में करुणा, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं मानवीय मूल्यों को मजबूत करते हैं. कार्यक्रम का नेतृत्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशीला फरमानिया ने किया. इस दौरान राष्ट्रीय संरक्षिका गंगा दारूका, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्यगण संबलपुर जिला इकाई की पदाधिकारी व सदस्याएं भारी संख्या में उपस्थित रहीं. अंत में सेवा कुंज के पदाधिकारी ने सभी अतिथियों का स्वागत व सम्मान किया एवं संस्था के प्रति दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया.