छत्तीसगढ़ के CM और दोनों Dupty CM पर सोशल मीडिया में अभद्र टिप्पणी, पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और दोनों डिप्टी सीएम के खिलाफ सोशल मीडिया पर बेहद आपत्तिजनक भाषा में गाली- गलौज की गई है। डिप्टी सीएम अरुण साव के समर्थक वीरेंद्र दुबे की शिकायत पर पुलिस ने राजधानी के सिविल लाइन थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रायपुर, 25 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव तथा विजय शर्मा के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित तौर पर आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में रायपुर के सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।शिकायत में इंस्टाग्राम पर प्रसारित एक वीडियो और उसके कमेंट में इस्तेमाल की गई भाषा को लेकर कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता अरुण साव के समर्थक वीरेंद्र दुबे ने पुलिस को बताया कि इंस्टाग्राम पर 'सागर निर्मलकर' नाम की आईडी से एक वीडियो पोस्ट किया गया था। शिकायत के मुताबिक, इसी वीडियो के कमेंट बॉक्स में एक अन्य इंस्टाग्राम आईडी से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा को लेकर कथित तौर पर बेहद आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। शिकायतकर्ता ने संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट और उसके संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि सोशल मीडिया पर राजनीतिक नेताओं की आलोचना करना लोकतांत्रिक अधिकार का हिस्सा है, लेकिन किसी व्यक्ति के खिलाफ अभद्र और अश्लील भाषा के इस्तेमाल को सामान्य राजनीतिक आलोचना नहीं माना जा सकता। शिकायत में इस तरह की सामग्री के प्रसार से सामाजिक वातावरण प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है।
पुलिस को दिए आवेदन में संबंधित पोस्ट और कमेंट की जांच करने के साथ सोशल मीडिया अकाउंट के वास्तविक संचालक की पहचान करने की मांग की गई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कथित पोस्ट और टिप्पणी किस अकाउंट से की गई, इसे किसने अपलोड किया और इसके पीछे वास्तविक व्यक्ति कौन है।