• Happy Ending: जांजगीर में जिसे शराबी कहकर ठुकराया उसे ही अपना बनाया, आखिर एक दूजे के हुए मुस्कान और संतकुमार..

    जांजगीर के मुस्कान मामले में बड़ा ट्विस्ट आया है। पढ़ें पूरी खबर..

    जांजगीर-चाम्पा, 10 जुलाई 2026। जांजगीर में जिस दूल्हे को शराबी कहकर दुल्हन ने ठुकरा दिया था उसे ही उसने अपना बना लिया है। मजेदार बात यह रही कि युवती  भाग कर युवक के गांव पहुंची और अपने परिजनों को बताए बिना ही उसके साथ मंदिर में सात फेरे ले लिए। 

    दरअसल 23 जून को जांजगीर थाना के कोसमंदा गांव में जब मुस्कान की बारात आई तो दूल्हा संत कुमार शराब के नशे में खड़ा नहीं हो पा रहा था। मैं किसी शराबी के साथ अपना पूरा जीवन बर्बाद नहीं कर सकती कहकर मुस्कान ने बारात लौटा दिया था। जांजगीर के एसपी विजय पांडे ने मुस्कान के इस निर्णय की सराहना की थी और उसे सम्मानित भी किया था। उसने मुस्कान को परिवार परामर्श केंद्र का सदस्य बनाया था।

    लेकिन 16 दिन बाद ही मुस्कान ने इस संत कुमार का हाथ थाम लिया। परिवार परामर्श केंद्र पहुंची मुस्कान घर लौटने की बजाय सीधे संत कुमार के गांव खोखरा गांव पहुंच गई और युवक के परिजनों की उपस्थिति में मंदिर में उससे शादी कर ली। उधर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर मुस्कान के परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मोबाइल ट्रेस करने पर उसका लोकेशन संत कुमार के गांव का मिला है। मुस्कान का पता लगाने जब पुलिस खोखरा गांव पहुंची तो उसे देखकर दंग रह गई। जिसे उसने ठुकराया था माथे पर उसके नाम का  सिंदूर और गले में मंगल सूत्र था।

    मुस्कान ने पुलिस को बताया कि वह शादी टूटने के बाद से लगातार संत कुमार के संपर्क में थी और और दोनों के बीच समझौता हो गया है। उससे शादी भी कर ली है। मुस्कान ने बताया कि शादी के दिन संत कुमार को किसी ने कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर पिला दी थी। उसने वादा किया है कि कभी वह शराब नहीं पिएगा। वहीं संत कुमार का कहना है कि वह कभी शराब नहीं पीता है किसी के बदमाशी के शिकार हो गया था  और आगे भी वह कभी शराब को हाथ नहीं लगाएगा तथा अपना वैवाहिक जीवन खुशी से बिताएगा।