• यूपी के शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित का कत्ल, मर्डर मार दे सड़क के ऊपर... गाना इंस्टा पर डालने के 2 घंटे बाद हत्या

    प्रसिद्ध हरियाणवी सिंगर और अभिनेता अंकित बालियान की हत्या पूरी प्लानिंग के तहत की गई. अपराधी 2 दिन से तैयारी में थे. रेकी के बाद वारदात को अंजाम दिया. बदमाशों को पता था कि वह किस समय घर से निकलता है और जिम से कब बाहर आता है. इसी जानकारी के आधार पर हमलावरों ने जिम के बाहर उसके बाहर निकलने का इंतजार किया और बाहर निकलकर कार में बैठते ही फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह सनसनीखेज रिपोर्ट :-

    शामली, 27 अगस्त 2026. यूपी के शामली में विख्यात हरियाणवी सिंगर और अभिनेता अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस की जांच से जो सनसनीखेज तथ्य  सामने आए हैं, उससे पता चलता है कि यह मर्डर अचानक नहीं किया गया, बल्कि पूरी प्लानिंग के तहत किया गया. यूपी और हरियाणा के हमलावर वारदात से करीब दो दिन पहले अंकित की रेकी कर रहे थे.
     बुधवार को भी बदमाशों ने अंकित की  हर गतिविधि पर नजर रखी एवं  घर से जिम जाने और जिम से बाहर निकलने तक उसका पीछा किया तथा मौका मिलते ही जिम के बाहर निकलते ही ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी.

    पुलिस के मुताबिक, हमलावरों को अंकित की  दिनचर्या की पूरी जानकारी थी. उन्हें पता था कि वह किस समय घर से निकलता है और जिम से कब बाहर आता है. इसी जानकारी के आधार पर बदमाशों ने जिम के बाहर उसके निकलने का इंतजार और बाहर निकलते ही घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए. पुलिस अब  जिम और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. संदिग्ध वाहनों और युवकों की पहचान की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हमलावरों को अंकित की लोकेशन और दिनचर्या की जानकारी कौन उपलब्ध करा रहा था.

    राणा ने दी थी धमकी, चाचा ने जताई हत्या में हाथ होने की आशंका

    अंकित के चाचा चीकू ने पुलिस को बताया कि उन्हें इस बात की जानकारी है कि अंकित के साथ काम करने वाले राणा नाम के व्यक्ति ने उसे धमकी दी थी. परिवार को आशंका है कि धमकी देने वाले व्यक्ति की हत्या में भूमिका हो सकती है. हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है. पुलिस धमकी के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ अंकित के साथ काम करने वाले लोगों और उसके पुराने विवादों की भी पड़ताल कर रही है.

    21 से 26 वर्ष के बताए जा रहे हमलावर
    पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात में शामिल हमलावरों की उम्र करीब 21 से 26 वर्ष  के बीच बताई जा रही है. पुलिस उनकी पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और  टेक्निकल की साक्षयों की मदद ले रही है. वहीं यूपी और हरियाणा के संदिग्ध युवकों की भी जानकारी जुटा जा रही है. पुलिस अब वारदात से पहले और बाद की पूरी गतिविधियों की कडियां जोड़ने में जुटी है. पुलिस यह भी पता कर रही है कि हमलावर कहां ठहरे थे और किन लोगों के संपर्क में थे, अंकित की लोकेशन उन्हें किसने उपलब्ध कराई. पुलिस का कहना है कि मामले में कई अहम सुराग मिले हैं और इसके लिए अलग-अलग टीमें जांच में जुटी हुई है.

    मर्डर मार दे सड़क के ऊपर... गाना इंस्टाग्राम पर डालने के  2 घंटे बाद सिंगर की हुई हत्या.
    हत्या के बाद उनकी सोशल मीडिया गतिविधियां चर्चा में आ गई है. हत्या के करीब 2 घंटे पहले अंकित के इंस्टाग्राम अकाउंट पर उनके गाने की वीडियो शेयर की गई थी.वीडियो शेयर करते हुए लोगों से इसे अधिक से अधिक शेयर करने की अपील की गई थी. हत्या के बाद भी अकाउंट पर गतिविधि होने की बात सामने आई है. पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट की गतिविधि की टाइमलाइन  खंगाल रही है. अंकित बालियान को हरियाणवी गाने 'भरी कोर्ट में गोली मारेंगे...' से खास पहचान मिली थी. हत्या के बाद हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उनके प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर दुख जताते हुए पुलिस प्रशासन से घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की है.

    शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या 
    शामली शहर के बीच आर्यपुरी नाला पटरी पर कोतवाली के नजदीक बुधवार की देर शाम करीब 6:45 बजे बाइक से आए 4 हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर हरियाणवी सिंगर व एक्टर अंकित बालियान ( 35 वर्ष) की हत्या कर दी. बावरी क्षेत्र के गांव बंतीखेड़ा निवासी अंकित बालियान के जिम से बाहर निकलने के बाद कार में बैठते ही उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई गई. पुलिस के मुताबिक अंकित के  सिर, छाती और पेट में पांच गोलियां लगने के निशान मिले हैं.