• आंध्र प्रदेश के श्रीशैलम में खौफनाक वारदात, लॉज में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, 3 दिन से बंद था कमरा

    शुरुआती जानकारी के मुताबिक, परिवार के सभी सदस्य 3 दिन तक कमरे के अंदर ही बंद रहे और बाहर नहीं निकले लेकिन जब बंद कमरे से बदबू आने लगी तब होटल प्रबंधन को कुछ शक हुआ. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की सनसनीखेज रिपोर्ट :-

    श्रीशैलम, 26 अगस्त 2026. आंध्र प्रदेश के नंदयाल जिले में एक निजी होटल से एक ही परिवार के 5 लोगों का लाश बरामद होने से श्रीशैलम में हडकंप मचा हुआ है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह एक संदिग्ध सामूहिक आत्महत्या का मामला जान पड़ता है, जिसका खुलासा मंगलवार को हुआ. मृतकों की पहचान सुधाकर (36 वर्ष ), गोगुला आदि लक्ष्मी (50 वर्ष ), मल्लेश्वरी  ( 45 वर्ष), श्रीदेवी  ( 33 वर्ष ) और मणिकंठा ( 15 वर्ष) के तौर पर हुई है. बताया जा रहा है कि सभी मृतक आंध्र प्रदेश के श्री सत्य साई जिले के बट्टालपल्ली गांव के रहने वाले थे. पुलिस के मुताबिक, परिवार 20 अगस्त को ऑटो के द्वारा श्रीशैलम पहुंचा और होटल 'वड्डेरा सत्रम ' के कमरा नंबर -11 मे ठहरा था.

    3 दिन तक बंद था कमरे मे पूरा परिवार

    शुरुआती जानकारी है कि परिवार के सभी सदस्य 3 दिन तक कमरे के अंदर ही रहे और बाहर नहीं निकले. लेकिन जब कमरे से बदबू आने लगी तब होटल प्रबंधन को कुछ शक हुआ और उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दे दी. खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खोला. रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस को कमरे के बाथरूम में 3 महिलाएं और 2 पुरुष पंखे से लटके हुए मिले.

    पुलिस ने सभी लाशों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है और एक मामला दर्ज कर मौत के हालात का पता लगाने के लिए तहकीकात शुरू कर दी है. सूत्र बताते हैं कि जांच अधिकारी अभी तक घटनाओं का सही क्रम का पता नहीं कर पाए हैं कि इसमें कोई और वजह थी या नहीं.

    मामले की पड़ताल में जुटी पुलिस

    जांच अधिकारी श्रीशैलम पहुंचने से पहले परिवार की गतिविधियों, होटल में उनके ठहरने और दूसरे हालत की भी तहकीकात कर रहे हैं, जिससे यह जानने में मदद मिल सके कि मौत किस वजह से हुई.

    पुलिस अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिवार के आर्थिक और निजी हालात की तहकीकात से सामूहिक आत्महत्या के पीछे और जानकारी सामने आ सकती है. उधर, पत्रकारों से बातचीत करते हुए एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक ही परिवार के 5 लोगों का लाश यहां से बरामद हुआ है. शुरुआती जांच में पता चला है कि परिवार स्वास्थ्य संबंधित समस्याओं और आर्थिक तंगी के चलते जूझ रहा था और इसी के चलते ऐसा कदम उठाया है. इस बीच मामले से जुड़े सभी जानकारियों को जताने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. ऐसा पुलिस अधिकारी का कहना है.