कर्नाटक में भीषण सड़क हादसा, लॉरी - एमयूबी की टक्कर में 7 की गई जान, 2 गंभीर घायल
कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में बुधवार देर रात एक बहुउद्देशीय वाहन ( एमयूबी ) और लॉरी की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर में 7 लोगों की जान चली गई है, जबकि 2 अन्य लोग गंभीर घायल हो गए. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह रिपोर्ट:-
बेंगलुरु, 9 जुलाई 2026. पुलिस जानकारी के मुताबिक, यह हादसा बुधवार देर रात करीब 1:30 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग - 52 पर येल्लापुर पुलिस क्षेत्र के बालगारा क्रॉस के पास हुआ. पुलिस ने बताया कि चालक संजीव वाहन को कथित तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से चला रहा था. इसी दौरान वाहन सड़क के बिल्कुल दाहिनी ओर चला गया और अंकोला की तरफ से आ रही लॉरी से जा टकराया.
टक्कर इतनी भीषण थी कि एमयूबी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. घायलों को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया और बाद में उन्हें हुबली के कर्नाटक आयुर्विज्ञान संस्थान ( किम्स) अस्पताल में रेफर कर दिया गया, जहां घायलों का इलाज चल रहा है. येल्लापुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तहकीकात की और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस हादसे में घायल हुए शिवराज नाम के व्यक्ति की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.
खबर है कि पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 281 (लापरवाही से वाहन चलाना ), 125(2) (गंभीर चोट पहुंचाना ) और 106(1) ( लापरवाही से मौत) के तहत मामला दर्ज किया है. फिलहाल मामले की तहकीकात जारी है.