• छत्तीसगढ़ के स्कूल आगामी सत्र से 1 अप्रैल से खुलेंगे, राज्य शासन ने जारी किया आदेश

    रायपुर, 9 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के सभी स्कूल आगामी सत्र से 1 अप्रैल से खुलेंगे। स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने 8 जुलाई को एक आदेश जारी कर कहा कि प्रदेश के सभी स्कूलों में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा मंडल/अन्य बोर्डों के समान आगामी शिक्षा सत्र 2027, 1 अप्रैल से प्रारंभ होगा और 31 मार्च 2028 तक चलेगा। इसके पश्चात आगे के सत्र भी इसी तरह चलेंगे। शिक्षा सचिव ने डीपीआई को निर्देशित किया है कि आगामी सत्र 1 अप्रैल से प्रारंभ की जाए और इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां भी कर ली जाए। शाला प्रवेश उत्सव, छात्रों को शाला गणवेश, सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिल, किताब आदि का वितरण भी 1 अप्रैल से प्रारंभ करने को कहा है। 

    अक्सर देखने में आया है कि जब स्कूल 16 जून से खुलते हैं तो एडमिशन, शाला गणवेश, कॉपी- किताब आदि की व्यवस्था व अन्य तैयारियों में एक माह गुजर जाता है और समुचित ढंग से पढ़ाई उसके पश्चात ही प्रारंभ होती है। 1 अप्रैल से शिक्षण सत्र प्रारंभ होने से बच्चों को पढ़ाई के लिए पर्याप्त समय मिलेगा। सीबीएसई के शेड्यूल से सामानता भी होगी। ग्रीष्मकालीन अवकाश के शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं किया गया है। वह पहले की तरह 1 मई से प्रारंभ होकर 15 जून तक चलेगा। फिलहाल पढ़ें शिक्षा सचिव का पूरा आदेश..