दूसरी युवती संग होटल में मिला पति, 70 किमी पीछा कर पहुंची पत्नी, रंगे हाथों पकड़ा, फिर...
रीवा के एक होटल में उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब सीधी से पीछा करते हुए आई एक पत्नी ने अपने पति को दूसरी लड़की के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया. इसके बाद महिला ने होटल के कमरे में ही पति की जमकर कुटाई कर दी.
रीवा/सीधी, 15 जुलाई 2026। शादी को सात जन्मों का साथ माना जाता है. इस रिश्ते में धोखेबाजी की कोई गुंजाइश नहीं होती है. लेकिन कई ऐसे लोग भी हैं, जो शादीशुदा होकर भी दूसरी महिलाओं पर बुरी नजर रखते हैं. ऐसी ही एक हैरान कर देने वाली घटना रीवा से सामने आई है. यहां के समान थाना इलाके में स्थित होटल पंगत में उस समय भारी अफरा-तफरी मच गई, जब सीधी जिले से अपने पति का पीछा करते हुए पहुंची एक आक्रोशित पत्नी ने अपने जीवनसाथी को किसी दूसरी लड़की के साथ रंगे हाथों दबोच लिया. इसके बाद गुस्से से तमतमाई पत्नी ने आव देखा न ताव और होटल के बंद कमरे को खुलवाकर सीधे अपने पति पर टूट पड़ी. महिला ने न सिर्फ कमरे के भीतर ही अपने धोखेबाज पति की जमकर कुटम-कुटाई की, बल्कि उसका कॉलर पकड़कर होटल के नीचे लाई और बीच सड़क पर घसीटते हुए उसे सीधे पुलिस थाने ले गई.
इस घटना की शुरुआत पड़ोसी जिले सीधी से हुई थी. आरोपी युवक अपनी पहली पत्नी को बिना बताए एक अन्य युवती को अपने साथ लेकर सीधी से रवाना हुआ था, लेकिन बीवी को समय रहते अपने पति की इस हरकत की भनक लग गई. इसके बाद बिना एक पल गंवाए महिला ने अपने पति की गाड़ी का पीछा करते हुए 70 किमी दूर रीवा पहुंच गई. यहां उसका पति समान थाना क्षेत्र की एक होटल में गर्लफ्रेंड के साथ कमरा लेकर रुका हुआ था. कुछ ही देर में वहां पहुंची बीवी ने जब कमरे का दरवाजा खटखटाकर खुलवाया, तो अंदर का नजारा देखकर उसका खून खौल उठा. उसका पति अपनी गर्लफ्रेंड के साथ रंगरेलियां मनाने की तैयारी में था. पीड़ित महिला ने पुलिस को आपबीती सुनाते हुए बताया कि आरोपी युवक के साथ यह उसकी दूसरी शादी थी और पहले पति से उसका एक बेटा भी है.
पीड़ित महिला के मुताबिक, दोनों ने करीब एक साल पहले 3 जुलाई 2025 को कानूनी तौर पर कोर्ट मैरिज की थी. हालांकि, इस शादी के कुछ ही दिनों बाद पति बिना कोई सूचना दिए अचानक घर से लापता हो गया और उसने पत्नी से बचने के लिए अपना पुराना मोबाइल नंबर भी पूरी तरह बदल लिया था. पति के इस तरह अचानक गायब होने और मोबाइल बंद करने पर महिला को शक हुआ, जिसके बाद उसने अपने स्तर पर पति के बारे में जानकारी जुटाने लगी. इस छानबीन में उसे पता चला कि उसका पति उसकी पीठ पीछे कई अन्य लड़कियों से बात करता है और उनके साथ अवैध संबंध भी है. वहीं, होटल में पकड़ी गई युवती का कहना था कि आरोपी युवक से उसकी मुलाकात इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी. बातचीत के दौरान युवक ने खुद को कुंवारा और अविवाहित बताया था और उसके सामने शादी का प्रस्ताव रखा था.
दूसरी युवती ने बोला- मंदिर में ले जाकर भर दी मांग!
होटल में पकड़ी गई युवती ने आगे कहा कि महिला के पति ने शादी के नाम पर प्रेम जाल में फंसाया और एक मंदिर में ले जाकर उसकी मांग भरकर विवाह रचाया था. हंगामे और मारपीट के बीच वह पीड़ित युवती भी रोते हुए युवक से बार-बार यही सवाल पूछ रही थी कि आखिर यह हमला करने वाली महिला कौन है, जिस पर आरोपी युवक सिर्फ यही गिड़गिड़ाता रहा कि वह गलती से फंस गया है.
होटल से लेकर सड़क और फिर थाने तक चले इस जबरदस्त ड्रामे को लेकर काफी देर तक बहसबाजी और रोना-धोना चलता रहा. पहली पत्नी ने अपने पति के खिलाफ धोखाधड़ी, बिना बताए दूसरी शादी करने और प्रताड़ित करने के गंभीर आरोपों के तहत लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस प्रशासन ने महिला की तहरीर के आधार पर मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं तथा दोनों शादियों के दस्तावेजों की बारीकी से जांच शुरू कर दी है.