IAS Transfer: दो दर्जन आईएएस के प्रभार बदले गए, किस ACS की हुई बल्ले- बल्ले.. कई जिलों के कलेक्टर भी हुए प्रभावित
IAS Transfer: प्रदेश में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी की गई है। सियासी हलचलों के बीच मुख्यमंत्री ने आईएएस अफसरों की कार्य क्षमता के अनुरूप नई जिम्मेदारी सौंपी है। एक साथ दो दर्जन IAS के प्रभार में बदलाव किया गया है। इस फेरबदल में अपर मुख्य सचिव से लेकर 6 जिलों के कलेक्टर प्रभावित हुए हैं।
भोपाल, 25 जुलाई 2026। सियासी हलचलों के बीच मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य की ब्यूरोक्रेसी में बड़ा बदलाव किया है। एक साथ दो दर्जन आईएएस अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव किया गया है। बताया जा रहा है कि IAS अधिकारियों के परफॉर्मेंस और योजनाओं की क्रियान्वयन में निपुणता के आधार पर नई जिम्मेदारी दी गई है। अपर मुख्य सचिव सचिन सिन्हा की बल्ले- बल्ले हो गई है उन्हें प्रशासन अकादमी से मुक्त कर पीएचई विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। रतलाम, मंदसौर, खरगोन, आगर- मालवा, शहडोल और अनूपपुर कलेक्टर बदले गए हैं। बताते हैं कई कलेक्टरों के खिलाफ शिकायतें थी।
कई अपर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव भी प्रभावित
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा शुक्रवार को जारी आदेश के मुताबिक केसी गुप्ता को कृषि उत्पादन आयुक्त एवं अपर मुख्य सचिव, कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग के साथ-साथ उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। वहीं 1993 बैच के IAS नीरज मंडलोई से ऊर्जा विभाग लेकर अपर मुख्य सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन तथा सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग का दायित्व सौंपा गया है। प्रशासन अकादमी के महानिदेशक सचिन सिन्हा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अपर मुख्य सचिव होंगे। वहीं संदीप यादव वन विभाग की जगह अब जल संसाधन विभाग के प्रमुख सचिव होंगे। प्रमुख सचिव राघवेंद्र कुमार सिंह उनकी जगह वन विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे।
6 जिलों के कलेक्टर भी बदले गए
इस फेरबदल के साथ 6 जिलों के कलेक्टर भी बदले गए हैं। अजय कटेसरिया रतलाम के नए कलेक्टर होंगे। मंदसौर की कलेक्टर अदिति गर्ग को आयुक्त सह संचालक तथा उपसचिव खाद्य, नागरिक आपूर्ति विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। आगर मालवा कलेक्टर प्रीति यादव अब कार्यकारी संचालक मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम इंदौर होंगी। वहीं हर्षत पंचोली की जगह रत्नाकर झा अनूपपुर कलेक्टर होंगे। मिशा सिंह रतलाम से हटाकर शहडोल की कलेक्टर बनाई गई हैं। उधर गुरु प्रसाद खरगोन, दिव्यांक सिंह मंदसौर, डॉ. शेर सिंह मीना आगर मालवा के कलेक्टर होंगे।
फिलहाल देखें पूरी लिस्ट..