ईरान के सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई ने कहा-Israel-US भ्रम टूट गया, पूरा देश एकजूट
US Israel Iran War: ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई अभी जिंदा हैं। उन्होंने शुक्रवार को एक बयान जारी कर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को नई चुनौती दी है।
तेहरान, 21 मार्च 2026। ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई अभी जिंदा हैं। उन्होंने शुक्रवार को एक बयान जारी कर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को नई चुनौती दी है। खामेनेई ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका और इज़रायल के हमले इस भ्रम पर आधारित थे कि शीर्ष नेताओं को मारकर सरकार को उखाड़ फेंका जा सकता है। मगर अब उनका भ्रम टूट रहा है। इस दौरान मुज्तबा ने ईरानियों की इस दृढ़ता की सराहना की।
ईरानी टेलीविजन पर पढ़ा गया मुज्तबा का बयान
मुज्तबा खामेनेई का लिखित बयान फारसी नववर्ष नवरोज़ के अवसर पर शुक्रवार को जारी किया गया, जिसे ईरानी टेलीविजन पर पढ़ा गया। उन्होंने ईरानियों की सराहना करते कहा-ईरानियों ने "राष्ट्रव्यापी रक्षात्मक मोर्चा और शहरों, मोहल्लों तथा मस्जिदों में मजबूत गढ़ बनाए, जिससे दुश्मन इतना हैरान हुआ कि वह विरोधाभासी और अतार्किक बयान देने लगा।" खामेनेई को युद्ध के पहले दिन अपने पिता की हत्या के बाद सत्ता संभालने के बाद से सार्वजनिक रूप से नहीं देखा गया है। इज़रायली और अमेरिकी अधिकारियों ने कहा है कि युवा खामेनेई उन हमलों में घायल हुए थे। खामेनेई की अनुपस्थिति और घायल होने की अफवाहें युद्ध के दौरान ईरान की नेतृत्व संरचना पर सवाल उठा रही हैं, लेकिन बयान से शासन की दृढ़ता का प्रदर्शन किया जा रहा है।
सुप्रीम लीडर को मार कर डर और निराशा फैलाना चाहता था अमेरिका
खामेनेई ने कहा कि दुश्मन (अमेरिका और इज़रायल) का मानना था कि सर्वोच्च नेता और कई प्रभावशाली सैन्य व्यक्तियों को शहीद करके ईरानी जनता में डर और निराशा फैलाई जा सकती है, जिससे ईरान पर कब्जा कर उसे विखंडित किया जा सकता है, लेकिन ईरानी जनता ने पूरे देश में व्यापक रक्षात्मक मोर्चा बनाकर दुश्मन को ऐसा झटका दिया कि वह विरोधाभासी और बेतुके बयान देने लगा, जो उसकी "असावधानी" का संकेत है।
मुज्तबा ने कहा-लड़े 3 युद्ध
पिछले एक साल में हमारे लोगों ने तीन सैन्य और सुरक्षा युद्धों का सामना किया है। पहला युद्ध जून का युद्ध था, जब ज़ायोनी दुश्मन ने संयुक्त राज्य अमेरिका की विशेष सहायता से और बातचीत के बीच में, हमारे लगभग 1,000 साथी नागरिकों को शहीद कर दिया। ईरान के सर्वोच्च नेता ने नवरोज़ और ईद अल-फित्र के मौके पर यह संदेश जारी किया। इसके बाद उन्होंने जनवरी के तख्तापलट (कूप) युद्ध का जिक्र किया। खामेनेई ने कहा, अमेरिका और ज़ायोनी शासन ने आर्थिक समस्याओं का फायदा उठाकर अपने गुर्गों से अराजकता फैलाई। मगर उसमें वह फेल हो गए। वर्तमान तीसरा युद्ध है। इसमें युद्ध के पहले दिन ही उनके महान नेता (पिता अयातुल्लाह अली खामेनेई) को विदा किया गया। इस दौरान खामेनेई ने मिनाब स्कूल के बच्चों, डेना विध्वंसक के सितारों, आईआरजीसी, सेना, बसिज, पुलिस, सुरक्षा बलों और सीमा रक्षकों सहित सभी शहीदों को श्रद्धांजलि दी और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।