रायपुर के पोरवाल फैक्टरी में भीषण आग, कई लोगों के फंसे होने की आशंका
राजधानी के उरला क्षेत्र में दूर तक आग की लपटें और काला धुंआ दिखाई दे रहा है। दरअसल टायर से डामर बनाने वाले पोरवाल फैक्टरी में आग लगने के कारण इलाके में अफरातफरी का माहौल देखा गया है। दमकल और पुलिस की टीम आग बुझाने के काम में जूटी है।
रायपुर, 13 जून 2026। राजधानी रायपुर के उरला से बड़ी खबर आ रही है। उरला थाना क्षेत्र से में स्थित पोरवाल ऑयल फैक्ट्री में शनिवार को अचानक भीषण आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।ज्वलनशील पदार्थों की मौजूदगी के कारण आग ने देखते ही देखते बेहद विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी फैक्ट्री लपटों की चपेट में आ गई। दमकल व अन्य विभाग की टीम घटनास्थल पर राहत व बचाव कार्य में लगी हुई हैं।
टायर से डामर बनाने के दौरान हादसा
प्रारंभिक तौर पर मिली जानकारी के अनुसार, इस फैक्ट्री में पुराने टायरों को अत्यधिक तापमान पर जलाकर डामर (बिटुमिनस सामग्री) तैयार करने का काम किया जाता था। शनिवार को काम के दौरान अचानक भड़की आग ने पूरी इकाई को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग इतनी भयानक है कि इससे उठने वाला गाढ़ा काला धुआं कई किलोमीटर दूर से ही साफ आसमान में तैरता हुआ दिखाई दे रहा है।
कई जिंदगियों के फंसे होने की आशंका
हादसे के वक्त फैक्ट्री में कई मजदूर और कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। आग की लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, फैक्ट्री परिसर के भीतर कुछ कर्मचारियों के फंसे होने की गंभीर आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी तक प्रशासनिक तौर पर किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी
दुर्घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां और उरला थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने एहतियात के तौर पर फैक्ट्री के आसपास के पूरे इलाके को घेर लिया है और आम लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। प्रशासनिक अमला और राहत दल फैक्ट्री प्रबंधन के सहयोग से भीतर मौजूद रहे कर्मचारियों की सूची तैयार कर रहा है ताकि लापता लोगों का सटीक पता लगाया जा सके।