• "पेंशन बख्शीश नहीं, हमारा अधिकार है": नामदेव

    रायपुर, 3 अगस्त 2026। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ इकाई का  स्थापना दिवस आज तीन अगस्त को मनाया जाएगा। इसके साथ ही  प्रदेश में पूरे अगस्त माह में  विभिन्न जन हितैषी और  पेंशनर्स हितैषी कार्यक्रम महासंघ की जिला शाखाओं द्वारा आयोजित किए जाएंगे। यह निर्णय महासंघ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव के  मार्गदर्शन में लिया गया है। उन्होंने सभी पेंशनरों को और महासंघ के सदस्यों को  महासंघ के स्थापना दिवस की बधाई दी है।

    महासंघ के प्रदेश संगठन मंत्री टी पी सिंह ने आज यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया  कि 3 अगस्त 2020 को स्थापित भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश आज अपने स्थापना के छह वर्ष पूर्ण कर सातवें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। इन छह वर्षों में महासंघ ने पेंशनरों के अधिकारों की रक्षा, सम्मानजनक जीवन, सामाजिक सुरक्षा तथा शासन स्तर पर प्रभावी संवाद स्थापित करने की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित की हैं।

    महासंघ द्वारा प्रदेशभर में आयोजित होने वाले स्थापना दिवस कार्यक्रमों का संचालन संभागीय अध्यक्षों शैलेन्द्र सिन्हा (रायपुर), राजेश कश्यप (बिलासपुर), गुरुचरण सिंह (अंबिकापुर), आर. एन. ताटी (जगदलपुर) तथा बी. एल. गजपाल (दुर्ग) के संयोजन में किया जाएगा।प्रदेश के विभिन्न जिलों में महासंघ के जिला अध्यक्ष अपने-अपने नेतृत्व में स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में पेंशनर्स सम्मेलन, सम्मान समारोह, सदस्यता अभियान, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, विचार गोष्ठी, जनजागरण कार्यक्रम, प्रशासन को ज्ञापन तथा अन्य सामाजिक एवं जनहितैषी कार्यक्रम आयोजित करेंगे।

    जिला स्तर पर कार्यक्रमों का नेतृत्व खोड़स राम कश्यप (बलौदाबाजार-भाटापारा), आर. जी. बोहरे (रायपुर), आई. सी. श्रीवास्तव (राजनांदगांव), राकेश जैन (बिलासपुर), परमेश्वर स्वर्णकार (जांजगीर-चांपा), रमेश नंदे (जशपुर), अभय शंकर गौराहा (रायगढ़), देवनारायण साहू (सारंगढ़-बिलाईगढ़), एम. एल. यादव (कोरबा), ओ. पी. भट्ट (कांकेर), आर. डी. झाड़ी (बीजापुर), एस. एन. देहारी (नारायणपुर), एस. के. धातोड़े (कोंडागांव), रूपकुमार झाड़ी (दंतेवाड़ा), शेख कासिमुद्दीन (सुकमा), प्रेमचंद गुप्ता (वैकुंठपुर), माणिक चंद्र (अंबिकापुर), राजेन्द्र पटेल (बलरामपुर), संतोष ठाकुर (सूरजपुर), आर. ए. शर्मा (गौरेला-पेंड्रा-मरवाही), सतीश उपाध्याय (मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर), हरि प्रसाद मिश्रा (सक्ती), भैया लाल परिहार (मुंगेली), यवन कुमार डिंडोरे (बेमेतरा), रिखीराम साहू (महासमुंद), लखन लाल साहू (गरियाबंद), पी. आर. साहू (दुर्ग), रामेन्द्र तिवारी (मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी), प्रकाश गुप्ता (कबीरधाम), देवदत्त दुबे (खैरागढ़-छुईखदान-गंडई) तथा अफरोज कुरैशी (मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर) करेंगे।

    प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने स्थापना दिवस पर सभी पदाधिकारियों एवं पेंशनर साथियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि महासंघ का मूल उद्देश्य पेंशनरों को संगठित कर उनके अधिकारों की रक्षा करना, शासन एवं प्रशासन के समक्ष उनकी समस्याओं का प्रभावी निराकरण कराना तथा वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानजनक जीवन दिलाना है। उन्होंने कहा कि महासंघ की विचारधारा स्पष्ट है—"पेंशन बख्शीश नहीं, हमारा अधिकार है।"

    नामदेव ने कहा कि महासंघ के सतत प्रयासों से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का सेंट्रल पेंशन प्रोसेसिंग सेल (CPPC) रायपुर में स्थापित हुआ, संचालनालय पेंशन एवं भविष्य निधि का पृथक संचालनालय प्रारंभ हुआ तथा 80 वर्ष की आयु पूर्ण होने वाले माह से अतिरिक्त 20 प्रतिशत पेंशन का लाभ सुनिश्चित कराया गया। इसके अतिरिक्त मध्यप्रदेश पुनर्गठन अधिनियम, 2000 की धारा 49 के अंतर्गत महंगाई राहत स्वीकृति हेतु दोनों राज्यों की आपसी सहमति की बाध्यता समाप्त कराने की दिशा में भी महासंघ ने महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।