• पत्नी समेत चार लोगों को जहर देकर मारा, फिर खुद लगा ली फांसी, जाने इस वारदात की कहानी

    छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बीती रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की सनसनीखेज रिपोर्ट :-

    रायपुर, 18 जुलाई 2026. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बीती रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. बैटरी कारोबारी ने अपनी पत्नी समेत 4 लोगों को जहर देकर मौत की नींद सुला दी और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. बताते हैं कि, यहां के संजय नगर स्थित मदनी मस्जिद के पास एक घर में 5 लोगों की लाश संदिग्ध अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और अब मामले की जांच करने में जुटी है. मामला रायपुर के टिकरापारा पुलिस इलाके का है. फिलहाल, सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.

    आत्महत्या की आशंका
    चर्चा है कि एक ही परिवार के 5 लोगों ने सामूहिक रूप से जहर खाकर  मौत को गले लगा लिया. फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर गहराई से छानबीन कर रही है.
    मकान में 5 लोगों की लाश मिलने की सूचना जैसे ही इलाके में आग की तरफ फैली, मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई. खबर पाकर टिकरापारा पुलिस पहुंची और पूरे घर को सील कर मामले की तहकीकात शुरू कर दी.

    हत्या और सामूहिक आत्महत्या सभी एंगल से पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है. इस बीच घटना की जांच करने फोरेंसिक एक्सपर्ट्स (एफएसएल ) की टीम को भी बुला लिया गया है.

    मुंह से निकल रहा था  झाग 

    पुलिस की शुरुआती जांच में मृतकों के मुंह से झाग निकलना मिला है. जबकि कमरे में खाद्य सामग्री और एक कीटनाशक का डब्बा भी मिला है. देर रात पुलिस ने घटनास्थल का  मुआयना कर साक्षय जुटाए. फिर मकान को सील कर दिया. कारोबारी साजिद पुरानी बैटरी की खरीद - बिक्री का काम करता था. वहीं उसका बेटा एक निजी अस्पताल में नौकरी करता था.

    कमरे के अंदर से आ रही थी बदबू

    पड़ोसियों ने गुरुवार की शाम को जब घर के किसी सदस्य को नहीं देखा, तो उन्हें शक हुआ. शुक्रवार को भी पूरे दिन घर का दरवाजा बंद रहा. गेट पर आवाज लगाने पर भी दरवाजा नहीं खुला. कमरे के अंदर से सड़ने की दुर्गंध आ रही थी. पुलिस पहुंची, तो घर का दरवाजा खोला गया. फिर कमरे के अंदर 5 लाशें देख कर पुलिस भी सन्न रह गई. साजिद का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ था, जबकि उसकी पत्नी, बेटा और दोनों बच्चियों के शव जमीन पर पड़े हुए थे. सभी के मुंह से झाग निकल रहा था और इस आधार पर यह माना जा रहा है कि कारोबारी साजिद ने ही चारों को जहर देकर मार डाला और फिर खुद फांसी के फंदे पर झूल गया. पुलिस के मुताबिक, फॉरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा.

    बिहार का रहने वाला था परिवार

    बताया जा रहा है कि साजिद मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और उसका भाई जाहिर अली रायपुर के कुकरीपाड़ा में रहता  है. उसी ने  सभी शवों की पहचान की. इस बीच पुलिस मकान मालिक आमिर अली से भी पूछताछ कर रही है. हालांकि, जाहिर रायपुर के पूर्व महापौर एजाज ढेबर के सचिव रह चुके हैं.

    मृतकों की हुई पहचान

    साजिद अली, 50 वर्ष, राबिया  ( पत्नी), इरशाद अली, 19 वर्ष  ( बेटा), शाहिदा बेगम, 17 वर्ष  ( बेटी) और इरशाबा परवीन, 16 वर्ष  बेटी के रूप में पहचान हुई है.