• राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव को पीएम आवास के बाहर से लिया गया हिरासत में

    नई दिल्ली, 21 जुलाई 2026। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का विरोध प्रदर्शन जंतर मंतर पर जारी है. वहीं कांग्रेस के सांसदों ने राहुल गांधी के नेतृत्व में मंगलवार दोपहर प्रधानमंत्री आवास 7 लोक कल्याण मार्ग के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू किया था. कांग्रेस सांसदों की मांग थी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें. कांग्रेस सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उन्हें संसद में मार्ग थाने ले जाया गया है.

    इससे पहले पीएम आवास के पास धरना दे रहे राहुल गांधी और अन्य कांग्रेसी नेताओं से मिलने केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह पहुंचे थे. मुलाकात के बाद जितेंद्र सिंह ने दावा किया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी वादा करके अपनी बात से मुकर गए. जबकि कांग्रेस पार्टी ने कहा था कि जब तक छात्रों और युवाओं को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक उसके नेता प्रधानमंत्री आवास के सामने से हिलने वाले नहीं हैं. कांग्रेस ने कहा था कि पीएम नरेंद्र मोदी को अपनी आवाज से बाहर आना ही होगा. फिलहाल जितेंद्र सिंह के दावों पर कांग्रेस की ओर से कोई जवाब नहीं आया है.