• धरने पर दीपक, कहा- फासीवाद का विरोध लोकधर्म,  जागरूकता अभियान चलाएगी सभा

    लखनऊ, 22 जुलाई 2026। बौद्धिक सभा के अध्यक्ष व समाजवादी चिंतक दीपक मिश्र ने इको गार्डन के मुख्य द्वार पर धरना देते हुए कहा कि सरकार ने राष्ट्रवाद और समाजवाद के वांछनीय पथ को छोड़ कर फासीवाद का अलोकतान्त्रिक रास्ता चुन लिया है जो देश के व्यापक हितों के खिलाफ है l फासीवादी सोच और दम्भ में चूर सरकार का विरोध करना देशभक्ति, सभी का लोकधर्म और हमारा सांविधानिक कर्तव्य हैl छात्रों पर अनावश्यक लाठीचार्ज और प्रतिपक्ष के नेताओं की गिरफ्तारी निंदनीय है l दीपक ने जोर देकर कहा संवाद से सरकार का भागना दर्शाता है कि उसकी सोच अलोकतान्त्रिक है l  

    दीपक  मध्य रात्रि 10 बजे नेता प्रतिपक्ष राहुल गाँधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव की गिरफ्तारी का विरोध करते हुए निरुद्ध नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने इको गार्डन पहुंचे l इको गार्डन का मुख्य दरवाजा बंद कर पुलिस ने दीपक और उनके साथियों को रोका l नाराज मिश्र समाजवादी नेता अम्बुज राय, प्रमोद बाजपेई समेत सैकड़ों साथियों के सड़क पर धरने में बैठ गए l "हर जोर जुल्म के टक्कर में संघर्ष हमारा नारा है" इंकलाब जिंदाबाद, "पुलिस की खाकी वर्दी से खून की बदबू आती है ", "अब नहीं समय है, जूझना ही तय है " जैसे मर्मस्पर्शी नारों से वातावरण गूँज उठा l

    काफ़ी जद्दोजहद के बाद पुलिस ने मुख्य द्वार खोला l दीपक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, पूर्व विधान परिषद सदस्य दीपक सिंह आदि आंदोलनकारियों से मिले l मिश्र ने घोषित किया कि बौद्धिक सभा सरकार  द्वारा आरोपित भ्रम व भय के विरुद्ध वैचारिक अभियान चलाएगी l सभा विभिन्न जगहों पर परिचर्चाओं और संगोष्ठियों का आयोजन कर राष्ट्रवाद, समाजवाद, रामराज्य, संस्कृति और धर्म जैसी अवधारणाओं के नाम पर फैलाए गए झूठ के प्रति लोगों को जागरूक और सचेत करेंगी l