• एयरपोर्ट जाते वक्त एयरलाइन की केबिन में क्रू मेंबर से दुष्कर्म, कौन है इस वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी?

    हैदराबाद में ड्यूटी पर जा रही एक निजी एयरलाइन की 37 वर्षीय  केबिन क्रू मेंबर से ऑफिस कैब ड्राइवर ने कथित तौर पर  दुष्कर्म किया. हालांकि, पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी कैब ड्राइवर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.. हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट:-

    हैदराबाद, 23 जुलाई 2026. हैदराबाद में एक निजी एयरलाइन की 37 वर्षीय केबिन क्रू मेंबर के साथ कथित दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला  सामने आया है. महिला ड्यूटी के लिए राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट जा रही थी, तभी एयरलाइन की ओर से उपलब्ध कराई गई ऑफिस कैब के ड्राइवर ने उक्त महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया. घटना के बाद पीड़िता सीधे पुलिस के पास पहुंची और शिकायत दर्ज कर दी. सूत्र बताते हैं कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कैब ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया.

    पुलिस के मुताबिक, यह वारदात 20 जुलाई दोपहर करीब 2:40 बजे की है. जब महिला कर्मचारी यहां के शमशाबाद से एयरलाइन की तरफ से भेजी गई ऑफिस कैब में सवार होकर राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट जा रही थी, जहां उसे अपनी ड्यूटी ज्वाइन करनी थी. आरोप है कि ड्राइवर ने तय रास्ते से कैब को मोड़ दिया और एयरपोर्ट के निकट निर्माणाधीन क्षेत्र में एक सुनसान जगह पर ले गया. जांच में सामने आया कि आरोपी ड्राइवर ने  महिला से कहा कि उसे टॉयलेट जाने के लिए थोड़ी देर रुकना है. इसके बाद वह कैब से नीचे उतरा, लेकिन कुछ ही देर में वापस लौट आया और उक्त महिला के साथ बलपूर्वक  कथित तौर पर दुष्कर्म किया.

    वारदात के बाद आरोपी ड्राइवर वहां से खिसक गया. हालांकि, पीड़िता महिला किसी तरह खुद को संभालते हुए सीधे एयरपोर्ट परिसर स्थित पुलिस आउट पोस्ट पहुंची और पूरी घटना की जानकारी दी. महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने  बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत दुष्कर्म और मारपीट एवं अन्य आरोपों में मामला दर्ज कर लिया. खबर है कि पुलिस ने घटनास्थल, कैब और आरोपी की तलाश शुरू कर दी. जांच के दौरान पुलिस ने कई तकनीकी और अन्य साक्षय जुटाए, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान सुनिश्चित की गई.

    पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान हैदराबाद के रंगा रेड्डी जिले के रहने वाले 23 वर्षीय  एर्रापोगु प्रशांत कुमार के तौर पर हुई है. पुलिस ने उसे 21 जुलाई गिरफ्तार कर लिया और  मेडिकल जांच के बाद आरोपी ड्राइवर को स्थानीय अदालत में पेश किया. जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस पूछताछ में आरोपी कैब ड्राइवर ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित कैब सर्विस एक स्थानीय ट्रांसपोर्ट एजेंसी द्वारा संचालित की जा रही थी, जिसे एयरलाइन ने कर्मचारियों के आवागमन के लिए अनुबंध किया था.

    घटना के बाद पुलिस ने एयरलाइन को महिला कर्मचारियों की सुरक्षा से जुड़े प्रोटोकॉल  की समीक्षा करने की सलाह दी. खासतौर पर एयरपोर्ट आने जाने - वाली महिला कर्मचारियों के लिए परिवहन व्यवस्था को और सुरक्षित बनाने पर जोर दिया गया है. इस बीच एयरलाइन ने कहा है कि वह जांच में पूरा सहयोग कर रही है और पीड़ित महिला कर्मचारी को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जा रही है.