• सपा कल जनेश्वर मिश्र पार्क में करेगी ब्राह्मणों का बड़ा जुटान, अखिलेश करेंगे उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण

    अखिलेश यादव करेंगे उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण-ब्राह्मणों को साथ जोड़ने की कवायद 
    समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह विशेष रिपोर्ट:-

    लखनऊ, 4 अगस्त 2026. प्रसिद्ध लोहिया वादी सोशलिस्ट और छोटे लोहिया के नाम से विख्यात जनेश्वर मिश्र की जयंती पर 5 अगस्त (बुधवार) को समाजवादी पार्टी ब्राह्मणों का एक बड़ा जुटान करने जा रही है. प्रदेश भर से ब्राह्मणों को जयंती के अवसर पर बुलाया गया है. लखनऊ के गोमती नगर स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क में बड़ा कार्यक्रम होने जा रहा है. सपा प्रमुख अखिलेश यादव इस अवसर पर जनेश्वर मिश्र की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे और उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे. इस दौरान ब्राह्मणों के दुख - दर्द को बांटने पर चर्चा की जाएगी. उन्हें बताया जाएगा कि बीजेपी सरकार में ब्राह्मणों के साथ कैसे अन्याय हो रहा है.

    चुनावी तैयारियां 
    समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुट गई है. सपा ने पीडीए का नारा दिया है. इसके सहारे पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक को जोड़ने का काम किया गया है. जनेश्वर मिश्र की जयंती के बहाने अब ब्राह्मणों को सपा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. इसीलिए जनेश्वर मिश्र की जयंती पर इस बार बड़ा कार्यक्रम करने की तैयारी है. सपा के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय इसकी जिम्मेदारी दी गई है. उनके साथ बलिया के सांसद सनातन पांडेय को लगाया गया है.

    संगठनात्मक प्रयास

    ब्राह्मणों को इस कार्यक्रम में लाने के लिए प्रदेश के प्रत्येक जिलों में बैठकें की गई. खासकर पूर्वांचल और अवध के जिलों के ब्राह्मणों को जोड़ने की मुहिम चलाई जा रही है. 5 अगस्त को लखनऊ में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में  पूर्वांचल और अवध के ब्राह्मण नेताओं खासकर बुजुर्ग नेताओं को लाने की तैयारी है, जिससे यह संदेश दिया जा सके कि ब्राह्मण उसके साथ हैं. सपा का मानना है कि भाजपा से ब्राह्मण नाराज हैं और इस सम्मेलन के सहारे उनका साथ लिया जा सकता है. दरअसल, जनेश्वर मिश्र यूपी में ब्राह्मण समाज के बहुत बड़े नेता थे और लोहिया समाजवाद के विख्यात चिंतक भी.