• मांझी सरकार की दूसरी वर्षगांठ से पहले ओड़िशा मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज

    समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ के साथ संवाददाता अभय कुमार बनर्जी की रिपोर्ट:-
    भुवनेश्वर, 28 मई 2026. ओड़िशा के मुख्यमंत्री मोहन चारण मांझी की पिछले दिनों दिल्ली में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और पीएम नरेंद्र मोदी से हुई चर्चाओं के बाद राज्य में मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार की अटकलें  तेज हो गई है. दरअसल, ओड़िशा मंत्रिमंडल में रिक्त 6 पदों को भरने की अटकलों को उस समय और बल मिला, जब वरिष्ठ मंत्रियों सुरेश पुजारी और पृथ्वीराज हरिचंदन  ने संकेत दिया कि राज्य मंत्रिमंडल में रिक्त पदों को भरने और निगमों एवं बोर्ड में राजनीतिक  नियुक्ति की प्रक्रिया पार्टी के भीतर चल रही है. हालांकि, सीएम मांझी ने 12 जून 2024 को दो उपमुख्यमंत्रियों सहित 15 अन्य मंत्रियों के साथ मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, लेकिन तब से अब तक 6 पद रिक्त पड़े हैं.

    नियमों के मुताबिक, राज्य में मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों की कुल संख्या राज्य के विधायकों की कुल संख्या के 15% के भीतर होनी चाहिए. चूंकि ओड़िशा में विधायकों की संख्या 147 है, इसलिए मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों की संख्या 22 के भीतर होनी चाहिए. लिहाजा मांझी अपनी मंत्रिमंडल में  6 और सदस्यों को  शामिल कर सकते हैं.

    इस तरह की तीव्र अटकलों के बीच 12 जून को मांझी सरकार के 2 साल पूरे होने के मौके पर वह अपने मंत्रिमंडल का विस्तार कर सकते हैं. राज्य के राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा,' यह विस्तार किसी भी समय हो सकता है. जबकि निगमों और बोर्ड में नियुक्तियों की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है. पार्टी और सरकार ने चयन प्रक्रिया पहले ही शुरू कर दी है . इसे बहुत जल्द पूरा कर लिया जाएगा.'

    वहीं, मंत्री हरिचंदन  ने मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना को खारिज नहीं करते हुए कहा, मंत्रालय का विस्तार या फेरबदल मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है. यदि वह खाली पदों को  ध्यान में रखते हुए ऐसा करना चाहते हैं, तो मुख्यमंत्री किसी भी समय कर सकते हैं. इसका सरकार की  दूसरी वर्षगांठ से कोई लेना-देना नहीं.'
    वहीं मुख्यमंत्री मांझी ने कहा, मैंने प्रधानमंत्री को ओड़िशा के लोगों के लिए हमारी सरकार की 2 साल की समर्पित सेवा के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले समारोह के लिए सौहार्दपूर्ण आमंत्रण किया है.