पत्नी से अवैध संबंध के शक में किराएदार ने गला दबाकर की मकान मालिक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
रायपुर जिले के राखी थानांतर्गत गनौद गांव में पत्नी से अवैध संबंध के शक में मकान मालिक और किराएदार के बीच जमकर विवाद हुआ, जो मारपीट में बदल गया। इस दौरान किराएदार ने गला दबाकर मकान मालिक की हत्या कर दी।
रायपुर, 19 सितंबर 2026। नया रायपुर के राखी थाना क्षेत्र के ग्राम गनौद में पत्नी से अफेयर के शक में किराएदार ने मकान मालिक को मौत की घाट उतार दिया। हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। पत्नी से अवैध संबंध होने के शक को लेकर मकान मालिक और किराएदार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में दोनों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि किराएदार ने गला दबाकर मकान मालिक की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान ग्राम गनौद निवासी वेद राम साहू (45 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं गिरफ्तार आरोपी पुरुषोत्तम धीवर उर्फ छोटू (25 वर्ष) है। वह ग्राम धमनी भाटापारा, वार्ड नंबर-2, थाना मंदिर हसौद, जिला रायपुर का रहने वाला है। बताया गया है कि पुरुषोत्तम धीवर पिछले एक-दो वर्षों से वेद राम साहू के मकान में किराए पर रह रहा था और वहीं ऑटो पार्ट्स की दुकान संचालित करता था। जहां उसकी पत्नी का भी आना जाना था। इस दौरान उन्हें मकान मालिक और पत्नी के बीच अफेयर होने का शक था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि वेद राम साहू को अपनी पत्नी और किराएदार पुरुषोत्तम धीवर के बीच अवैध संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद और कहासुनी होती थी। मृतक द्वारा आरोपी के साथ गाली-गलौज और विवाद किए जाने की बात भी पुलिस जांच में सामने आई है। घटना वाले दिन भी इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते कहासुनी हाथापाई और मारपीट में बदल गई। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान आरोपी पुरुषोत्तम धीवर ने वेद राम साहू का गला दबा दिया। जिससे वेदराम साहू की मौके पर ही मौत हो गई।
लोगों ने दी पुलिस को सूचना
वेदराम की मौत के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। घटना की सूचना सुबह करीब 11:30 बजे राखी थाना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों, प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों से पूछताछ की। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी पुरुषोत्तम धीवर उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी को हिरासत में लेकर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और विवेचना की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
अवैध संबंध के शक में हत्या: एएसपी
वहीं रायपुर ग्रामीण के एडिशनल एसपी अभिषेक झा ने वारदात के संबंध में मीडिया को बताया कि आरोपी युवक पुरुषोत्तम धीवर को मकान मालिक का पत्नी के साथ अवैध संबंध का शक था। जिसके चलते दोनों के बीच कई बार विवाद हुआ। वारदात के दिन भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच हाथापाई हुई और आक्रोश में आकर आरोपी किराएदार ने मकान मालिक वेदराम साहू का गला दबाकर मार डाला। पुलिस घटना की विवेचना कर रही है।