• शादी के बाद दो दिन सोता रहा दूल्हा, दुल्हन के अरमान पर फिरा पानी

    Trending News: युवती के अनुसार, ससुराल पहुंचते ही उसका पति दवा खाकर दो दिन तक लगातार सोता रहा। जब उसने सास से कारण पूछा तो उन्होंने सामान्य-सी बात बताई।

    देवरिया, 4 जून 2026। देवरिया जिले की एक 30 वर्षीय युवती ने शादी के नाम पर बड़े स्तर पर धोखा खाने का आरोप लगाया है। 21 नवंबर 2025 को हिंदू रीति-रिवाज से शाहपुर (गोरखपुर) के एक युवक के साथ उसकी शादी हुई थी। लेकिन शादी के बाद सच्चाई सामने आते ही युवती का सपना टूट गया।

    क्या है पूरा मामला

    देवरिया की रहने वाली युवती ने बताया- 21 नवंबर 2025 को हिंदू रीति-रिवाज से शाहपुर के एक युवक के साथ मेरी शादी हुई थी। शादी का पूरा कार्यक्रम शाहपुर में एक मैरिज हॉल में हुआ था। मेरे पिता ने दहेज में लाखों रुपए और सोने के जेवर दिए थे। इससे पहले तिलक में भी दहेज का सारा सामान गाड़ी से ससुराल भेजा जा चुका था।

    इलाज के लिए मांगे 3 लाख रुपए शादी के अगले दिन मैं ससुराल पहुंची। वहां मेरे पति ने कोई दवा खा ली, जिसके बाद वह लगातार दो दिन तक सोते रहे। जब मैंने सास से इसके बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि घबराहट वगैरह की वजह से बेटे ने दवा खाई है और एक-दो दिन में सब ठीक हो जाएगा।

    पर्चे की कॉपी डॉक्टर को भेजी, तब सच्चाई सामने आई

    2 दिन बाद सास-ससुर ने पति के इलाज के नाम पर 3 लाख रुपए की मांग की। तब मैंने पति के पर्चे की फोटो ले ली और उसे अपने जानने वाले एक डॉक्टर को भेजकर जानकारी ली। तब पता चला कि मेरे पति मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और काफी समय से उनका इलाज चल रहा है। यह जानकर मेरे होश उड़ गए कि मेरी शादी एक मानसिक रोगी से करा दी गई।

    मैंने ससुराल वालों से कहा कि आप लोगों ने मेरे और मेरे परिवार के साथ धोखा किया है। सच्चाई छिपाकर मेरी शादी एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति से कराई गई है। इस पर मेरे ससुर ने कहा- अगर लड़का अनफिट है तो क्या हुआ, हम हैं ना…तुम्हारी जिंदगी संवर जाएगी।

    युवती को घर से निकाला 

    18 जनवरी 2026 को मायके से परिवार के लोग आए। उनके सामने जब इस मुद्दे पर बात शुरू हुई तो ससुराल वाले जान से मारने की धमकी देने लगे। आरोप है कि युवती की सारी ज्वेलरी और शादी में मिला नकद भी हड़प लिया गया। अब युवती को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।

    युवती ने इस पूरे मामले की शिकायत सीएम पोर्टल, राष्ट्रीय महिला आयोग (दिल्ली) और एसएसपी गोरखपुर से की। एसएसपी के निर्देश पर शाहपुर थाने में पति, सास और ससुर के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। इस संबंध में शाहपुर थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह ने बताया- एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।