पत्नी ने प्रेमी और उसके दोस्त के साथ रची खौफनाक साजिश, सोते समय किया प्राण घातक हमला, पत्नी, प्रेमी और दोस्त गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के कोपेडबरी में हुए सोते समय प्राण घातक हमले का पुलिस ने महज तीन दिनों के भीतर ही गुत्थी सुलझा लिया है और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह रिपोर्ट:-
बेमेतरा, 7 जुलाई 2026. यहां के बेमेतरा के कोपेडबरी गांव में हुए प्राण घातक हमले का पुलिस ने महत्वपूर्ण दिनों के भीतर ही पर्दाफाश कर दिया है. मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ है कि घायल मनोहर साहू की हत्या की साजिश रचने वाली उसकी पत्नी ही थी. उसने अपने प्रेमी के साथ प्रेम प्रसंग में बाधा बन रहे पति को रास्ते से हटाने के लिए प्रेमी और उसके एक दोस्त के साथ मिलकर पूरी योजना बनाई और रात के समय सोते वक्त उस पर प्राणलेवा हमला कराया.
पुलिस ने इस मामले में आरोपी पत्नी रानी साहू( 23 ), उसके प्रेमी योगेंद्र चौहान उर्फ बादल (24 वर्ष ) और उसके दोस्त कन्हैयालाल उर्फ केडी यादव( 23 वर्ष ) को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपी पूछताछ में अपना अपराध कबूल कर लिया है. इस बीच पुलिस ने आरोपियों के निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त हॉकी स्टिक और धारदार चाकू बरामद कर लिया है. वहीं आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 331(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
सोते वक्त किया था घातक हमला
प्रदत्त जानकारी के मुताबिक, 1 और 2 जुलाई की दरम्यानी रात कोपेडबरी निवासी मनोहर साहू( 41) अपने घर में सो रहा था. इसी दौरान आरोपियों ने घर में घुसकर मनोहर साहू पर हॉकी स्टिक और धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस हमले में उसके सिर पर गंभीर चोटें आई और हाथ की नस कट गई. गंभीर हालत में घायल मनोहर साहू को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में रायपुर स्थित एम्स में उपचार के लिए भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है.
वारदात की वजह प्रेम प्रसंग
पुलिस पड़ताल में सामने आया कि आरोपी महिला का योगेंद्र चौहान से प्रेम संबंध था. पति मनोहर साहू इसके बीच कांटे बन रहा था. इसी कारण पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके एक दोस्त के साथ मिलकर उसे हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की साजिश रची. पूर्व नियोजित योजना के तहत दोनों दोस्त और प्रेमिका ने रात के समय घर में घुसकर सोए हुए मनोहर पर जानलेवा हमला कर दिया. फिलहाल घायल मनोहर का जहां इलाज चल रहा है वहीं, तीनों आरोपी जेल में बंद है.