टोमन कुमार ने विश्व पैरा तीरंदाजी सीरीज में कांस्य पदक जीतकर भारत का नाम किया रोशन
रायपुर, 5 जुलाई 2026। 26 जून से 5 जुलाई 2026 तक चेक गणराज्य के नोवे मेस्टो ना मोरावे में आयोजित विश्व पैरा तीरंदाजी सीरीज 2026 में भारतीय तीरंदाजी संघ की 32 सदस्यीय पैरा तीरंदाजी टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के होनहार पैरा तीरंदाज टोमन कुमार ने अपने साथी श्याम सुंदर स्वामी के साथ टीम स्पर्धा में फ्रांस की मजबूत टीम को 150-148 के रोमांचक अंतर से पराजित कर भारत को कांस्य पदक दिलाया। इस उपलब्धि से न केवल भारत का गौरव बढ़ा है, बल्कि छत्तीसगढ़ का नाम भी अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में और अधिक सम्मान के साथ स्थापित हुआ है।
कैलाश मुरारका ने बताया कि टोमन कुमार पिछले दो वर्षों में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 8 से 10 अंतरराष्ट्रीय पदक अपने नाम कर चुके हैं। उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण उन्हें विश्व स्तर के श्रेष्ठ पैरा तीरंदाजों की श्रेणी में स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि टोमन कुमार का अगला लक्ष्य 2027 के पैरा ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए देश के लिए पदक जीतना है। यदि वे इस लक्ष्य को हासिल करते हैं, तो यह पूरे भारत के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के लिए भी अत्यंत गौरव और दोहरी खुशी का अवसर होगा।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव, छत्तीसगढ़ तीरंदाजी संघ के महासचिव आयुष मुरारका, संघ के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों तथा प्रदेश के विभिन्न जिलों के खेल प्रेमियों ने टोमन कुमार और श्याम सुंदर स्वामी को शुभकामनाएं दी हैं।