• आगरा में तैनात रहे आरटीओ ललित कुमार के  घर विजिलेंस की छापेमारी, 13 किलो सोना, 9 किलो चांदी और 1.62 करोड़ कैश बरामद

    यूपी के आगरा में तैनात रहे आरटीओ ललित कुमार के घर विजिलेंस टीम ने छापा मारा. इस दौरान भारी मात्रा में कैश और सोना- सोना चांदी बरामद हुए. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट:-

    लखनऊ, 9 जुलाई 2026.  आय से अधिक संपत्ति मामले में यूपी विजिलेंस की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. अधिकारियों ने बुधवार को आगरा के आरटीओ रहे (अब रिटायर्ड ) ललित कुमार के लखनऊ स्थित आवास पर दबिश दी. इस दौरान करीब 1.62 करोड़ कैश, 13 किलो सोना, 9 किलो चांदी और हीरे-जवाहरात बरामद हुए हैं. तहकीकात में लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली और नोएडा में कई इमारतें, प्लॉट,
    फ्लैट बुकिंग  और कृषि भूमि से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं. इसके अलावा 2 कारें, रिवाल्वर और एक करोड़ से अधिक के निवेश संबंधी दस्तावेज भी बरामद हुए हैं.

    बरामद सोना- चांदी और आभूषणों का अनुमानित मूल्य करीब 20 करोड़ रुपए बताया गया है. इस मामले में जांच और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. सतर्कता अधिकारियों के मुताबिक, ललित कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत साल 2024 में मामला दर्ज किया गया था. शासन के निर्देश पर मामले की पड़ताल की जा रही है. 7 व 8 जुलाई को लखनऊ के  अलीगंज में ललित कुमार की आवास पर दबिश दी गई.

    लखनऊ, नोएडा समेत  कई शहरों में भूखंड 

    तहकीकात के दौरान विजिलेंस टीम को  बड़ी संख्या में प्रॉपर्टी के कागजात मिले हैं. इनमें लखनऊ, नोएडा, बाराबंकी और रायबरेली में आवासीय प्लॉट, फ्लैट, कृषि भूमि और अन्य  अचल संपत्तियां शामिल हैं. इसके अलावा 2 लग्जरी  कारों के साथ बैंक, पोस्ट ऑफिस, म्युचुअल फंड और फिक्स्ड डिपॉजिट में करीब एक करोड़ से अधिक के निवेश संबंधी दस्तावेज मिले हैं.

    2 कारें भी बरामद
    विजिलेंस टीम को ललित कुमार के घर से टोयोटा इनोवा और हुंडई आई 20 कार बरामद हुई है. वहीं आरोपी रिटायर्ड अफसर ने अपने मकान की साज-सज्जा और घरेलू उपकरण खरीदने में लाखों रुपए खर्च किए हैं. इस कामयाब कार्रवाई के लिए पुलिस महानिदेशक और  निदेशक सतर्कता ने लखनऊ सेक्टर की विजिलेंस टीम को एक लाख रुपए पुरस्कार देने की घोषणा की है.