रायपुर के होटल में प्रेमिका की चाकू घोंपकर हत्या, फिर युवक खुद को रेता गला, हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती
रायपुर के एक होटल में विवाद के बाद युवक ने प्रेमिका की चाकू घोंपकर हत्या कर दी. इसके बाद युवक ने खुद का गला रेतकर जान देने की कोशिश की.
रायपुर, 14 अगस्त 2026. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गंज पुलिस इलाके में स्थित एक होटल में शुक्रवार दोपहर प्रेमी जुगल के बीच उपजे विवाद के बाद युवती की चाकू घोंपकर हत्या किए जाने और बाद में युवक खुद का गला रेतकर जान देने की सनसनीखेज मामला सामने आया है. यह घटना यहां के झूलेलाल चौक के समीप स्थित' होटल बंसल पैराडाइज' के तीसरे तल के कमरा संख्या 401 में हुई. घटना के बाद होटल मे हड़कंप मच गया. वहीं, गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
प्रदत्त जानकारी के मुताबिक, 14 अगस्त को होटल के कमरा संख्या 401 में कृष्ण कुमार भारद्वाज और रिमन मांडवी ठहरे हुए थे. कृष्ण कुमार वाराणसी जिले के मोहावन, दशनंतपुर गोसाई का रहने वाला है, जबकि रिमन मांडवी मोहला मानपुर जिले के अंबागढ़ चौकी पुलिस क्षेत्र की निवासी बताई गई है. दोनों ने होटल में अपने पहचान पत्र प्रस्तुत कर नियम के मुताबिक, चेक -- इन किया था.
चीख सुनकर होटल कर्मचारी पहुंचे
● होटल कर्मचारियों के मुताबिक, दोपहर करीब 3:30 बजे से 3:45 के बीच कमरे से युवती के जोर - जोर से चीखने की आवाज आई. आवाज सुनकर होटल के अलग-अलग फ्लोर पर मौजूद कर्मचारी पहुंचे. कर्मचारियों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली.
● स्थिति संदिग्ध लगने पर कर्मचारियों ने मिलकर कमरे की खिड़की तोड़ी. खिड़की से अंदर देखने पर जो दृश्य सामने आया, उसे देखकर कर्मचारी सन्न रह गए. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक चाकू से अपना गला काट रहा था. इससे पहले युवती पर चाकू से वार किया था. युवती गंभीर रूप से घायल मिली.
युवती की हुई मौत, युवक गंभीर
● घटना की खबर तुरंत पुलिस को दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, युवती की मौत हो गई है, जबकि युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, युवक ने पहले युवती पर चाकू से हमला किया और बाद में खुद का गला रेतकर आत्महत्या का प्रयास किया.
● पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. होटल में सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. कमरे से मिले सामान और अन्य साक्षयों को भी पुलिस ने जांच में शामिल किया है. दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ और घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था, इसका खुलासा पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा.
वाराणसी का युवक, मोहला- मानपुर की युवती
इस घटना ने होटल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस यह भी तहकीकात कर रही है कि दोनों एक - दूसरे को पहले से जानते थे और रायपुर आने का उद्देश्य क्या था. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तहकीकात कर रही है और घायल युवक के बयान को घटना की कड़ियां जोड़ने में जूटी है.