अंबिकापुर में झाड़ फूंक के बहाने युवती से दुष्कर्म; बोला- इससे अच्छा रिश्ता और नौकरी मिलेगी..
अंबिकापुर में एक ढोंगी बाबा ने युवती को अच्छी नौकरी और अच्छा पति दिलाने का झांसा देते हुए कहा- पहले नहा धोकर आओ। मां को हनुमान मंदिर भेजा और बहन को कमरे से बाहर भेजकर झाड़ फूंक के नाम पर युवती से दुष्कर्म किया और फरार हो गया।
अंबिकापुर, 16 जून 2026। सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र में झाड़-फूंक के बहाने एक युवती के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ढोंगी बाबा को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 14 जून 2026 की सुबह एक व्यक्ति कॉलोनी में पहुंचा और खुद को प्रयागराज से आया बाबा बताकर लोगों की समस्याओं का समाधान झाड़-फूंक से करने का दावा करने लगा। आरोपी लोगों को उनकी परेशानियां दूर करने के नाम पर पैसे और मोबाइल की मांग कर रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी युवती के घर पहुंचा, जहां उसके परिजन भी मौजूद थे।
उसने 24 वर्षीय युवती को झाड़-फूंक के जरिए अच्छा रिश्ता और नौकरी लगने का झांसा दिया। इसके बाद उसने युवती को स्नान करने के लिए कहा और झाड़-फूंक के दौरान उसकी मां को चावल लेकर हनुमान मंदिर भेज दिया। वहीं, युवती की बहन को कमरे से बाहर रहने के लिए कहा। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने युवती को अपने प्रभाव में लेकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।
पीड़िता की शिकायत पर गांधीनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने पीड़िता द्वारा बताए गए हुलिये के आधार पर आरोपी की तलाश की और उसे सुभाष नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित कुमार गोस्वामी (29 वर्ष), निवासी ग्राम सेमरा, थाना घुरपुर, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।